खुशियों की दावत का खौफनाक अंत, मैनपुरी में युवक का शव मिलने के बाद छानबीन में जुटी पुलिस

मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र में जीटी रोड किनारे कन्नौज निवासी 24 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक अपनी मौसी के घर दावत में शामिल होने आया था। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क हादसा मानकर जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 July 2026, 6:51 PM IST

Mainpuri: मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह जीटी रोड किनारे एक युवक का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे सड़क दुर्घटना का मामला मान रही है।

मौसी के घर दावत में आया था युवक

मृतक की पहचान कन्नौज जिले के थाना गुरसहायगंज क्षेत्र के ग्राम गौरियागंज निवासी 24 वर्षीय प्रशांत कश्यप पुत्र छत्रपाल सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रशांत शुक्रवार शाम भोगांव नगर के मोहल्ला नददाफान स्थित अपनी मौसी सरिता देवी के घर आयोजित दावत में शामिल होने आया था। रात करीब 11 बजे वह खाना खाने के बाद घर लौटने की बात कहकर वहां से निकल गया था।

यहां भी पढ़ें: Mainpuri: पूर्व सांसद पर गरीबों की पुश्तैनी जमीन हड़पने का गंभीर आरोप, ​हाईकोर्ट के स्टे ऑर्डर की भी अवहेलना

सुबह सड़क किनारे मिला शव

शनिवार सुबह ग्राम मायाचंदपुर के पास जीटी रोड किनारे राहगीरों ने युवक का लहूलुहान शव पड़ा देखा। ग्रामीण सहदेव ने तत्काल इसकी सूचना भोगांव पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई।

पुलिस सड़क हादसे की आशंका पर कर रही जांच

क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण द्विवेदी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि देर रात किसी अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

यहां भी पढ़ें: Mainpuri: सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जे का आरोप, लोगों ने की ये मांग

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Mainpuri

Published :  18 July 2026, 6:51 PM IST