सरकारी गाड़ी से बैंक तक… फिर खाते में 8 लाख रुपये! आबकारी विभाग के आरोपों ने खड़े किए कई बड़े सवाल

महराजगंज के आबकारी विभाग में जिला आबकारी अधिकारी पर रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं। शराब कारोबारी ने जिलाधिकारी से शिकायत कर वीडियो, ऑडियो और बैंक लेनदेन के साक्ष्य होने का दावा किया है। आरोप है कि 8 लाख रुपये एक महिला के खाते में ट्रांसफर कराए गए। अधिकारी ने आरोपों को निराधार बताया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 July 2026, 10:31 AM IST

Maharajganj: महराजगंज के आबकारी विभाग में एक शिकायत ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोल्हुई थाना क्षेत्र के जिग्निहा निवासी शराब कारोबारी संदीप विश्वकर्मा ने जिला आबकारी अधिकारी अतुल चंद द्विवेदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है।

शिकायतकर्ता का दावा है कि दुकान संचालन में राहत देने और कार्रवाई से बचाने के नाम पर उससे बड़ी रकम की मांग की गई। उसने इस पूरे मामले में वीडियो, ऑडियो और बैंक लेनदेन से जुड़े साक्ष्य होने का दावा किया है।

14 लाख रुपये मांगने का आरोप, 8 लाख खाते में ट्रांसफर कराने का दावा

शराब कारोबारी संदीप विश्वकर्मा के अनुसार, 2 जून को जिला आबकारी अधिकारी ने उसे कार्यालय में बुलाकर 14 लाख रुपये नकद देने की मांग की। शिकायतकर्ता का कहना है कि इतनी बड़ी रकम नकद देने में असमर्थता जताने पर दबाव बनाया गया।

आरोप है कि इसके बाद तत्कालीन आबकारी इंस्पेक्टर दीपेंद्र त्रिपाठी को सरकारी वाहन से उसके साथ भेजा गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, कोल्हुई क्षेत्र के बहादुरी स्थित बैंक में जाकर 2 जून 2026 को एक महिला मृणालिनी सिंह के खाते में 8 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए।

गोदाम से शराब निकासी रोकने का भी आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रकम नहीं देने पर उसकी देशी शराब दुकान के लिए गोदाम से माल की निकासी रोक दी गई। इसके कारण दुकान कई दिनों तक बंद रही और उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

उसका कहना है कि विभागीय कार्रवाई का डर दिखाकर लगातार आर्थिक दबाव बनाया जा रहा था।

नोएडा अग्निकांड: जिंदा जली स्नेहा के दोस्त ने कहा- अगर वो झूठ नहीं बोलती तो मौत के मुंह में नहीं जाती, सुनाई अंतिम पलों की कहानी

वीडियो, ऑडियो और बैंक रिकॉर्ड से खुलेगा राज?

संदीप विश्वकर्मा ने दावा किया है कि उसके पास कथित रिश्वत मांगने से जुड़े वीडियो, ऑडियो और बैंक ट्रांजेक्शन के दस्तावेज मौजूद हैं। उसने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और सामने आए कथित सबूत जांच में क्या भूमिका निभाते हैं।

ईरान पर मंडराए अमेरिकी लड़ाकू विमान, लेकिन ट्रंप ने की तेहरान की तारीफ! क्या युद्ध की आहट के बीच शुरू हो गया कोई सीक्रेट गेम?

आरोपों पर अधिकारियों ने क्या कहा?

मामले में तत्कालीन आबकारी इंस्पेक्टर दीपेंद्र त्रिपाठी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि वह दो दिन बाद अपना पक्ष रखेंगे।

वहीं जिला आबकारी अधिकारी अतुल चंद द्विवेदी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि लगाए गए आरोप निराधार हैं और इस तरह के आरोप लगते रहते हैं। फिलहाल मामले में शिकायत के आधार पर जांच की मांग की गई है, जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Maharajganj

Published :  16 July 2026, 10:31 AM IST