
बड़ी संख्या में मरी मिलीं मछलियां (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज जिले में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के अंतर्गत आने वाली रोहिणी (चानक) नदी में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां तैरती मिलीं। बागापार क्षेत्र स्थित चानकी नदी पुल के पास सुबह जब स्थानीय लोग पहुंचे तो नदी का नजारा देखकर हैरान रह गए। पानी में जगह-जगह मछलियां तैर रही थीं और आसपास तेज दुर्गंध फैल रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने संबंधित विभागों और प्रशासन को इसकी जानकारी दी। अब लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में मछलियों की मौत कैसे हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के अंधेरे में कुछ लोगों ने नदी में जहरीला पदार्थ डाला होगा, जिसकी वजह से यह घटना हुई। ग्रामीणों का कहना है कि पहले कभी इस तरह एक साथ इतनी मछलियों की मौत नहीं हुई थी। हालांकि, अभी तक प्रशासन या किसी सरकारी विभाग की ओर से इस बात की पुष्टि नहीं की गई है कि मछलियों की मौत का कारण क्या है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी।
शादी की खुशियां बांटकर लौट रहा था युवक… हाईवे पर ऐसा क्या हुआ कि घर पहुंची सिर्फ मौत की खबर?
नदी से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण आसपास के गांवों के लोग परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पानी प्रदूषित हुआ है तो इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पानी की गुणवत्ता की जांच कराने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि अगर समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो इसका असर आसपास के पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है।
चानक नदी सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लिए भी महत्वपूर्ण जल स्रोत मानी जाती है। गर्मी के दिनों में कई जंगली जानवर इसी नदी का पानी पीने आते हैं। ऐसे में अगर पानी में किसी प्रकार का जहरीला या हानिकारक पदार्थ मिला है तो वन्यजीवों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। इस संभावना को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से भी तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है।
ग्रामीणों ने वन विभाग, मत्स्य विभाग और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
Location : Maharajganj
Published : 5 July 2026, 2:50 PM IST