
आगरा कैंट से चढ़े युवकों पर लगा हमला करने का आरोप (Source: Pinterest )
Agra: राजस्थान के खाटूश्याम मंदिर से दर्शन कर लौट रहे भाई-बहन के साथ लालगढ़-प्रयागराज सुपरफास्ट एक्सप्रेस में हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। आरोप है कि बहन को घूरने और अभद्र टिप्पणी करने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने दोनों के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, भाई को चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया गया। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना शनिवार रात करीब 10:41 बजे की बताई जा रही है। हमीरपुर जिले के जरिया थाना क्षेत्र निवासी भाई-बहन जनरल कोच में सफर कर रहे थे। पीड़ित युवक के अनुसार, आगरा कैंट स्टेशन से कुछ युवक ट्रेन में सवार हुए। इनमें से एक युवक उसकी बहन को लगातार घूर रहा था और आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहा था। पहले दोनों ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब हरकतें नहीं रुकीं तो युवती ने विरोध किया।
आरोप है कि विरोध के बाद युवक कुछ देर के लिए चले गए, लेकिन फतेहाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले अपने साथियों के साथ लौट आए। उन्होंने आते ही भाई-बहन के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब आरोपी भागने लगे तो दोनों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान हमलावरों ने युवती को भी ट्रेन से धक्का देने की कोशिश की, लेकिन वह यात्रियों के सामान से टकराकर गिरने से बच गई। वहीं, उसका भाई चलती ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे उसकी पीठ, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद युवती ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। ट्रेन फतेहाबाद स्टेशन पहुंचने पर आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और RPF मौके पर पहुंची और घायल भाई-बहन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बस से अपने घर के लिए रवाना हो गए।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि चलती ट्रेन में मारपीट और युवक के गिरकर घायल होने की जानकारी मिली है। घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण जांच में चुनौती आ रही है। फिलहाल आरपीएफ आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। हालांकि, अभी तक इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
Location : Agra
Published : 27 July 2026, 9:55 AM IST