
कुएं में मिला 65 वर्षीय महिला का शव (Img: Dynamite News)
Kaushambi: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के सराय अकिल थाना क्षेत्र के कोटिया गांव में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रोजाना की तरह टहलने निकली 65 साल की राजकुमारी का शव गांव के ही एक कुएं में तैरता मिला। महिला का शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, राजकुमारी रोजाना की तरह बुधवार सुबह टहलने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटीं। सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों की नजर गांव के एक कुएं में तैर रहे शव पर पड़ी। शव की पहचान राजकुमारी के रूप में होने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के बेटे हिमांशु पाल समेत परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। कुएं में महिला का शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई।
सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी ज्ञान सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद महिला के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। यह स्पष्ट नहीं है कि महिला दुर्घटनावश कुएं में गिरीं या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है।
Kaushambi: पुलिस में तैनात सिपाही की पत्नी ने क्यों उठाया खौफनाक कदम, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
महिला की मौत को लेकर परिजनों और ग्रामीणों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस हादसे की संभावना के साथ अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kaushambi
Published : 26 August 2026, 1:27 PM IST