
मुख्य आरोपी नौसाद से पुलिस की मुठभेड़ (IMG: Dynamite News)
Kaushambi: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी नौसाद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
यह मुठभेड़ चरवा थाना क्षेत्र के तेरामिल के पास मंगलवार भोर करीब 4 बजे हुई। पुलिस को मुखबिर से आरोपी के इलाके में होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए उसे घेर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नौसाद ने खुद को पुलिस से घिरा हुआ देखकर भागने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें नौसाद के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
यह मामला पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी इलाके में स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट से जुड़ा है। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया था। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई मकान भी इसकी चपेट में आ गए।
घटना में अब तक 11 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि 6 लोग अस्पताल में भर्ती होकर उपचार करा रहे हैं।
पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट का असर आसपास के रिहायशी इलाके तक पहुंचा। धमाके की चपेट में आने से आधा दर्जन से अधिक मकान पूरी तरह जमींदोज हो गए।
इसके अलावा करीब एक दर्जन मकानों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और स्थानीय लोग दहशत में आ गए थे।
पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार आरोपी(IMG: Dynamite News)
पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नौसाद समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले में फैक्ट्री के संचालन, विस्फोटक सामग्री और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मामले की जांच में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस अन्य आरोपियों और इस घटना से जुड़े लोगों की तलाश और पूछताछ में भी जुटी हुई है।
Kaushambi: पुलिस में तैनात सिपाही की पत्नी ने क्यों उठाया खौफनाक कदम, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
मनौरी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में बड़ी संख्या में लोगों की मौत और मकानों के क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मुख्य आरोपी नौसाद की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी को इस मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
फिलहाल घायल आरोपी का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर ब्लास्ट की पूरी साजिश, फैक्ट्री के संचालन और अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाने में लगी है।
Location : Kaushambi
Published : 1 September 2026, 9:24 AM IST
Topics : Firecracker Factory Explosion Firecracker Factory Blast Kaushambi Blast Manouri Blast UP Crime News