
घटना की जानकारी देते पुलिस अधिकारी (सोर्स- एक्स)
Kanpur: कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा नगर चौकी अंतर्गत प्लैनेट ऑर्बिट सोसाइटी में हुए चर्चित दवा कारोबारी विनीत मनोचा हत्याकांड में पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर ही बड़ा एक्शन लिया है। इस सनसनीखेज मामले की जांच में जुटी पुलिस की टीम की रविवार शाम बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई, जिसमें हत्या के दो मुख्य आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को दबोचकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
यह पूरी वारदात इंदिरा नगर चौकी क्षेत्र के प्लैनेट ऑर्बिट सोसाइटी के फ्लैट नंबर सी-104 की है। रविवार की सुबह जैसे ही 63 वर्षीय दवा कारोबारी विनीत मनोचा का शव उनके फ्लैट के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर अपनी तफ्तीश तेज कर दी थी।
Sitapur: फोन पर बात कर रही थी पत्नी, फिर जो हुआ उसने गांव को हिला दिया
हत्या के इस ब्लाइंड केस को सुलझाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट की कई टीमों को लगाया गया था। पुलिस ने सोसाइटी के अंदर और आसपास के रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय लोगों व परिजनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे। कड़ियों को आपस में जोड़ने के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान कर ली, जो वारदात के समय और बाद में संदिग्ध हालात में देखे गए थे।
जांच के दायरे में आए दोनों आरोपियों की पहचान विशाल गौतम और राजकिशोर के रूप में हुई। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे पुलिस और इन शातिर बदमाशों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विशाल गौतम और राजकिशोर दोनों गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
नैनीताल में पीलिया का कहर, 16 साल के छात्र समेत दो की मौत से मचा हड़कंप
अब तक की पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि 63 वर्षीय दवा कारोबारी विनीत मनोचा की हत्या बेहद बेरहमी से धारदार हथियार से की गई थी। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और लूटे गए या गायब सामान की बरामदगी की जा सके। इस बीच, आरोपियों के हवाले से एक और चौंकाने वाला एंगल सामने आया है, जिसमें उनका कहना है कि यह हत्या कथित तौर पर बहू के कहने पर की गई थी। पुलिस इस दिशा में भी साक्ष्य संकलित कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री के हर पहलू से पर्दा उठाया जाएगा तथा आगे की कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Location : Kanpur
Published : 7 September 2026, 8:15 AM IST