Kanpur: “अब और अत्याचार नहीं सहा जाता…” ससुराल की प्रताड़ना से तंग विवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम

कानपुर के नरवल क्षेत्र में ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से परेशान 33 वर्षीय विवाहिता ने मायके में गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है। परिजनों ने पति समेत चार लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 July 2026, 12:51 PM IST

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के नरवल थाना क्षेत्र में ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से परेशान एक विवाहिता ने रविवार तड़के आत्महत्या का प्रयास किया। महिला ने अपने गले पर चाकू से वार कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे तत्काल चकेरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

16 साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, नरवल निवासी रूखसाना (33) का विवाह करीब 16 वर्ष पहले बांदा जिले के मर्दन नाका निवासी यासीन के साथ हुआ था। दंपति की 11 वर्षीय एक बेटी भी है। परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति, सास, ससुर और देवर कथित रूप से महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

Kanpur: हाईवे किनारे कूड़े के ढेर में बिना कपड़ों के मिला अधजला शव! हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

मारपीट के बाद मायके में रह रही थी महिला

परिजनों के मुताबिक, 10 जनवरी 2025 को कथित मारपीट के बाद रूखसाना को ससुराल से निकाल दिया गया था। आरोप है कि उसके जेवर, कपड़े और अन्य स्त्रीधन भी ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिए। इसके बाद से वह अपनी बेटी के साथ नरवल स्थित मायके में रह रही थी।

तनाव के चलते उठाया आत्मघाती कदम

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत और समझौते के प्रयास हुए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। लगातार मानसिक तनाव के बीच रविवार तड़के रूखसाना ने कथित तौर पर अपने गले पर चाकू से वार कर लिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर है और उपचार जारी है।

पुलिस को दी गई तहरीर

महिला की मां मुनीरन ने पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, स्त्रीधन वापस दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Kanpur: फर्जीवाड़े ने पूरे शिक्षा सिस्टम की साख पर खड़े किए सवाल, आइए जानें कैसे चलता था नकली शिक्षा का कारोबार?

पुलिस कर रही जांच

नरवल थाना प्रभारी अनिल कुमार तोमर ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को जांच के लिए भेजा गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Kanpur

Published :  26 July 2026, 12:51 PM IST