
अस्पताल के बाहर परिजन और मृतक की फोटो (सोर्स- एक्स)
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिला कारागार में वाहन चोरी के एक आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार की रात हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान 22 वर्षीय बंदी आसिफ ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक के परिजनों ने जेल के भीतर ही बंदी रक्षकों पर बेरहमी से पिटाई करने और सीने पर घातक हमला करने का आरोप लगाया है।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के दरियागंज गांव का रहने वाला आसिफ वाहन चोरी के मामले में जेल में बंद था। परिजनों का आरोप है कि जिला जेल के भंडार गृह में उसकी ड्यूटी लगाई गई थी, जहां उससे जबरन भारी सामान उठवाया जा रहा था।
शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण जब आसिफ ने भारी वजन उठाने से इनकार किया, तो गुस्साए बंदी रक्षकों ने उसके साथ अमानवीयता की हदें पार कर दीं। आरोप है कि बंदी रक्षकों ने उस पर प्रताड़ना का सिलसिला शुरू किया और उसके सीने पर बेलन से जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जेल के भीतर अंदरखाने हुई इस मारपीट के बाद आसिफ की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर जेल प्रशासन ने आनन-फानन में उसे पहले उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मुजफ्फरनगर में MLC चुनाव के बीच भिड़े भाजपा-सपा कार्यकर्ता, DAV कॉलेज में जमकर हंगामा
मृतक की मां हसीमा और मामा नियाज का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए जेल स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले पर कोतवाली इंस्पेक्टर अरुण कुमार द्विवेदी ने बयान देते हुए कहा है कि बंदी की मौत की असल वजह और सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।
Location : Kanpur
Published : 23 October 2026, 3:47 PM IST