मछली पकड़ने गए दो सगे भाइयों की नाव नदी में पलटी! बेतवा के तेज बहाव में लापता; दिल दहला देने वाले हादसे से कोहराम

झांसी जिले के बरुआसागर थाना क्षेत्र में बेतवा नदी में मछली पकड़ने गए दो सगे भाई नाव पलटने से तेज बहाव में लापता हो गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, गोताखोर और फ्लड कंपनी की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 September 2026, 12:44 PM IST

Jhansi: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बरुआसागर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह बेतवा नदी में दो भाइयों के साथ हादसा हो गया। कटरा मोहल्ले के रहने वाले राज और मनीष मछली पकड़ने के लिए नदी में गए थे। इसी दौरान उनकी नाव का संतुलन बिगड़ा और दोनों पानी में गिर गए। देखते ही देखते नदी की तेज धार उन्हें बहाकर दूर ले गई। घटना के बाद पुलिस और बचाव टीम लगातार दोनों की तलाश में जुटी हुई है।

सुबह मछली पकड़ने निकले थे दोनों भाई

बरुआसागर के कटरा मोहल्ला निवासी राजू के बेटे राज और मनीष मंगलवार सुबह करीब आठ बजे नाव लेकर बेतवा नदी में मछली पकड़ने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इन दिनों नदी में पानी का बहाव काफी तेज है। इसी दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में पलट गई। नाव पलटते ही दोनों भाई पानी में जा गिरे।

तेज धारा के आगे नहीं टिक सकी कोशिश

बताया गया कि दोनों युवक तैरना जानते थे और उन्होंने नदी से निकलकर किनारे पहुंचने का प्रयास भी किया। हालांकि तेज बहाव के कारण वे काफी दूर तक बहते चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने भी उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों नदी की धारा में दिखाई देना बंद हो गए।

Jhansi Kanwar Yatra: आसमान से फूलों की बारिश और जमीन पर पुलिस का पहरा, झांसी में ऐसा रहा कांवड़ यात्रा का नजारा

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

दोनों युवकों के नदी में बहने की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही बरुआसागर थाना प्रभारी प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। परिवार में हादसे की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

गोताखोरों और फ्लड कंपनी की मदद से तलाश

पुलिस ने रानीपुर में तैनात फ्लड कंपनी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद गोताखोरों और बचाव दल को मौके पर बुलाकर नदी में तलाश शुरू कराई गई। टीम नदी के अलग-अलग हिस्सों में दोनों युवकों को खोज रही है।

Jhansi Express की चपेट में आए JE मनोज, कट गए दोनों पैर; आखिरी सांस तक नहीं हारी हिम्मत, फोन कर बताई पूरी बात

तेज बहाव बना सर्च ऑपरेशन में चुनौती

नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव दल को तलाशी अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। गोताखोर संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रहे हैं। नदी की धारा के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी दोनों भाइयों की तलाश की जा रही है।

परिवार को तलाश के नतीजे का इंतजार

हादसे के बाद दोनों युवकों के परिजन मौके पर मौजूद हैं और बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए हैं। परिवार की उम्मीदें अब पुलिस और बचाव दल की तलाश पर टिकी हैं। फिलहाल प्रशासन की टीम दोनों भाइयों का पता लगाने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

Location :  Jhansi

Published :  8 September 2026, 12:44 PM IST