सीतापुर में दिल दहला देने वाली वारदात, गर्भवती पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी

सीतापुर के इसरौली गांव में पति-पत्नी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पांच माह की गर्भवती पत्नी की हत्या के बाद पति ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 May 2026, 12:57 PM IST

Sitapur: सीतापुर के इसरौली गांव में बुधवार रात एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि पांच माह की गर्भवती महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पति ने बांके से हमला कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया और फिर खुद भी फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

रात दो बजे हुआ खूनी खेल

जानकारी के मुताबिक इसरौली निवासी दीपू भार्गव की शादी पिछले साल फरवरी में रेउसा क्षेत्र के रिहरपुर नेवादा गांव की रहने वाली छाया देवी से हुई थी। छाया पांच महीने की गर्भवती थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। कुछ दिन पहले ही पंचायत और समझौते के बाद दीपू अपनी पत्नी को विदा कराकर घर लाया था।

बुधवार रात दोनों एक ही कमरे में मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। रात करीब दो बजे अचानक दीपू ने बांके से छाया के चेहरे पर कई वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर दीपू की मां रोहिणी जाग गईं। कमरे का मंजर देखकर वह घबरा गईं और पड़ोस में रहने वाले अपने देवर को बुलाने चली गईं। इसी दौरान दीपू ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मायका पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

घटना की सूचना रात करीब पौने तीन बजे पुलिस को दी गई। सुबह जब छाया के मायके वाले पहुंचे तो उन्होंने पूरे मामले पर सवाल खड़े कर दिए। छाया के पिता मेवालाल का आरोप है कि पहले दीपू ने आत्महत्या की और उसके बाद ससुराल वालों ने उनकी बेटी की हत्या की है। उन्होंने दीपू के पिता गोबरे, मां रोहिणी, मामा ननकउवा और भाई लाल पर हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस ने मायका पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शादी के बाद से ही चल रहा था विवाद

ग्रामीणों के अनुसार शादी के बाद से ही दीपू और छाया के रिश्ते में तनाव बना हुआ था। छाया अक्सर कहती थी कि वह इस शादी से खुश नहीं है। गांव वालों का कहना है कि वह ससुराल में ज्यादा दिन नहीं रुकती थी और अक्सर मायके लौट जाती थी। पंचायत के जरिए कई बार समझौते की कोशिश भी की गई थी, लेकिन रिश्तों की खटास खत्म नहीं हो सकी।

Location :  Sitapur

Published :  22 May 2026, 12:57 PM IST