
तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को कुचला (Image: Dynamite News)
Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के थाना हाथरस गेट क्षेत्र के तालाब ओवरब्रिज पर बुधवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसा श्री रामबाग इंटर कॉलेज के पास हुआ।
मृतक की पहचान सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव परसौरा निवासी 28 वर्षीय सुनील पुत्र रामरूप के रूप में हुई है। बताया गया कि सुनील की ससुराल हाथरस के खंदारी गढ़ी मोहल्ले में है और वह इन दिनों ससुराल आया हुआ था। बुधवार को वह ससुराल से यह कहकर निकला था कि रात में वापस लौट आएगा। इसी दौरान तालाब ओवरब्रिज पर वह हादसे का शिकार हो गया।
हाथरस में सपा का ‘वोट बचाओ’ महासंग्राम: CEC का फूंका पुतला, मतदाता सूची में गड़बड़ी पर भड़का आक्रोश
परिजनों के मुताबिक सुनील की शादी करीब सात वर्ष पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। वह बिल्डिंग निर्माण से जुड़े ठेकेदारी के काम से परिवार का पालन-पोषण करता था। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। सुनील की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलने पर थाना हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और ट्रैक्टर चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Location : Hathras
Published : 7 October 2026, 9:36 PM IST