
DM सत्य प्रकाश पटेल ने देर रात शेल्टर होम और बस स्टैंड का किया (Source: Dynamite News)
Haathras: PET-2026 की परीक्षा में शामिल होने के लिए हाथरस पहुंचने वाले हजारों अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। परीक्षार्थियों को ठहरने, खाने-पीने और आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने देर रात शहर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने शेल्टर होम और बस स्टैंड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने शहर स्थित पंडित दीनदयाल आश्रय स्थल (शेल्टर होम) और बस स्टैंड पहुंचकर परीक्षार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने ठहरने की सुविधा, खान-पान, आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा देने के लिए हाथरस आने वाले किसी भी अभ्यर्थी को जरूरी सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त प्रबंध करने पर जोर दिया, ताकि परीक्षार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
PET-2026 के लिए देर रात DM ने किया निरीक्षण (Source: Dynamite News)
जिलाधिकारी के अनुसार, प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 का आयोजन 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को किया जाएगा। प्रत्येक निर्धारित तिथि पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी।
पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस तरह परीक्षा कुल छह पालियों में संपन्न होगी।
चित्रकूट में दिखी बुंदेलखंड लोक संस्कृति की अनूठी परंपरा, हर्षोल्लास से मनाया गया ठेडीया पर्व
PET-2026 के आयोजन के लिए हाथरस जिले में कुल 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रत्येक पाली में 6,576 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है। सभी छह पालियों में कुल 39,456 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए ठहरने और परिवहन जैसी सुविधाएं महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और शहर में रुकने वाले परीक्षार्थियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है।
यूपी में चक्रवाती तूफान का कहर: 28 अक्टूबर से आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश का रेड अलर्ट जारी
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही न हो। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को ठहरने, खान-पान और परिवहन से जुड़ी समस्याओं का सामना न करना पड़े। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा का सुचारु आयोजन सुनिश्चित करने के साथ परीक्षार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Hathras
Published : 25 October 2026, 8:19 AM IST