मां फोन करती रही, बेटी ने नहीं उठाया; कुछ देर बाद पति के फोन ने खोल दिया मौत का राज

हाथरस के तमना की गढ़ी में 25 वर्षीय विवाहिता कृष्णा का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए परेशान करने और हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 October 2026, 8:17 PM IST

Hathras News: हाथरस के थाना हाथरस गेट क्षेत्र के तमना की गढ़ी मोहल्ले में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के अंदर 25 वर्षीय विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और विवाहिता को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मां फोन करती रही, लेकिन बेटी ने नहीं उठाया

परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह कृष्णा की मां ने अपनी बेटी से फोन पर बात करने की कोशिश की थी। मां ने कई बार फोन मिलाया, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। बेटी से संपर्क नहीं होने पर परिवार की चिंता बढ़ने लगी। इसी बीच कृष्णा के पति मोहित ने फोन कर उसकी मां को बताया कि कृष्णा ने फांसी लगा ली है। यह जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग परेशान होकर तमना की गढ़ी पहुंच गए। वहां कृष्णा को फंदे पर लटका देखकर परिवार में कोहराम मच गया।

हाथरस में सपा का ‘वोट बचाओ’ महासंग्राम: CEC का फूंका पुतला, मतदाता सूची में गड़बड़ी पर भड़का आक्रोश

चार साल पहले हुई थी शादी

बताया गया है कि कृष्णा अलीगढ़ जिले के इगलास क्षेत्र के गांव मुमरेजा निवासी पुष्पेंद्र की बेटी थी। करीब चार वर्ष पहले उसकी शादी हाथरस के थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित तमना की गढ़ी निवासी मोहित पुत्र नाहर सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद कृष्णा और मोहित के दो बच्चे भी हुए। परिवार में बच्चों के होने के बावजूद कृष्णा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद सबसे ज्यादा चिंता इस बात को लेकर है कि आखिर बुधवार को घर के अंदर ऐसा क्या हुआ कि कृष्णा की जान चली गई।

मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

कृष्णा के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुरालीजनों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर दी और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, अभी तक पुलिस जांच में हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। विवाहिता की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई दूसरा कारण है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।

हाथरस में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, रात के अंधेरे में अस्पताल की पोल खोलने पहुंचे ACMO डॉ. मधुर कुमार

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल से जुड़ी परिस्थितियों, परिवार के सदस्यों के बयान और अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी अहम होगी, क्योंकि इसी से मौत के कारणों को लेकर स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, कृष्णा की मौत के बाद उसके मायके में मातम पसरा हुआ है। परिवार अपनी बेटी की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगा रहा है और मामले में कार्रवाई की मांग कर रहा है।

Location :  Hathras

Published :  7 October 2026, 8:17 PM IST