हमीरपुर पुल हादसे के बाद बड़ा एक्शन! क्या लापरवाही ने ली 6 मजदूरों की जान?

हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से 6 मजदूरों की मौत के बाद सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। सहायक अभियंता को निलंबित कर दिया गया है, जबकि मामले की उच्चस्तरीय जांच जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 May 2026, 11:08 AM IST

Hamirpur: हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हुआ, जब बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब तेज आंधी के दौरान अचानक गिर गया। इस दर्दनाक घटना में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में कई मजदूरों की गई जान

जानकारी के अनुसार यह हादसा हमीरपुर जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर लालपुरा थाना क्षेत्र के परसानी और कंदौर गांवों के बीच तड़के करीब तीन बजे हुआ। हादसे के समय कई श्रमिक पुल के स्लैब के ऊपरी हिस्से पर सो रहे थे। अचानक स्लैब गिरने से मजदूर मलबे में दब गए।

मृतकों की पहचान लोकेन्द्र (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र चौहान (34) और राजेश पाल (42) के रूप में हुई है। घायलों में अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद शामिल हैं, जिन्हें तुरंत मलबे से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सरकार का सख्त एक्शन

हादसे के बाद सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच के आधार पर सहायक अभियंता गजेंद्र कुमार चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही डीपीएम दिलीप कुमार के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

जांच के आदेश, लापरवाही पर सख्त रुख

प्रशासन ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं। तकनीकी टीमों से रिपोर्ट मांगी गई है, जिसमें निर्माण कार्य की गुणवत्ता, निगरानी व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और समयबद्ध होगी तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

DN Exclusive: हमीरपुर पुल हादसा! बेतवा नदी पर मौत का पुल क्यों बना? 6 मजदूरों की जान का जिम्मेदार कौन?

लापरवाही पर नहीं मिलेगा संरक्षण

सरकार ने दोहराया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीति के तहत किसी भी दुर्घटना की गंभीरता से जांच की जाती है और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई तय है। चाहे अधिकारी हों, कर्मचारी हों या ठेकेदार—किसी को भी संरक्षण नहीं दिया जाएगा।

Location :  Hamirpur

Published :  30 May 2026, 11:08 AM IST