गोरखपुर में 19 टन सरिया चोरी : ट्रकों से माल उड़ाकर औने-पौने दाम में बेचने वाले 4 शातिर गिरफ्तार

गोरखपुर जिले की सहजनवा थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी की सरिया भी बरामद की है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 17 July 2026, 8:10 PM IST

Gorakhpur: जिले की सहजनवा थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सरिया चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी की सरिया भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद सरिया का कुल वजन 19,130 किलोग्राम यानी 19.13 टन है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में सहजनवा पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना सहजनवा में दर्ज मुकदमा की जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरजीत सिंह, जितेंद्र कुमार, अमित कन्नौजिया और अजय चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

यहां भी पढ़ें: Gorakhpur: विधायक निधि से बनी सड़क आठ फीट नीचे धंसी, आवागमन बाधित

ट्रकों और ट्रेलरों से चोरी करते थे सरिया

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ट्रकों और ट्रेलरों के जरिए ले जाई जा रही सरिया पर नजर रखते थे। मौका मिलने पर वे सरिया चोरी कर उसे सुनसान जगहों पर छिपा देते थे। इसके बाद बाजार की मांग और कीमत के अनुसार चोरी की सरिया को अलग-अलग ग्राहकों को बेचकर अवैध कमाई करते थे।

लाखों रुपये की सरिया बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गैलेन्ट कंपनी की 2,650 किलोग्राम और अंकुर कंपनी की 16,480 किलोग्राम सरिया बरामद की है। दोनों को मिलाकर कुल 19,130 किलोग्राम सरिया बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि यह बरामदगी जिले में चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मानी जा रही है।

तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपियों तक

पुलिस ने बताया कि सरिया चोरी की घटनाओं की शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद दोनों मामलों में की धारा भी जोड़ी गई है।

यहां भी पढ़ें: Gorakhpur: दाह संस्कार से लौट रही बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी, पांच गंभीर

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की सरिया कहां-कहां बेची गई और इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध और संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  17 July 2026, 8:10 PM IST