
अपराध रोकने के लिए पुलिस ने मांगा ग्रामीणों का सहयोग (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: गोलाबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़री में सोमवार को पुलिस की ओर से जन चौपाल का आयोजन किया गया। क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में थाना प्रभारी निरीक्षक सीपी पाण्डेय, एसएसआई इन्द्रजीत कुशवाहा समेत पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करने का भरोसा दिलाया। चौपाल का उद्देश्य पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के साथ क्षेत्र की समस्याओं को समयबद्ध तरीके से दूर करना रहा।
क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल अपराध नियंत्रण की सबसे मजबूत कड़ी है। उन्होंने कहा कि जन चौपाल के जरिए पुलिस ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सीधे सुन रही है, ताकि उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जा सके।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में किसी भी विवाद, अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर उसे पुलिस से न छिपाएं। ऐसी किसी भी स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।
चौपाल के दौरान महिला सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। क्षेत्राधिकारी ने महिलाओं और युवतियों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा महसूस होने पर पुलिस को तत्काल सूचना दी जानी चाहिए।
वहीं युवाओं को अपराध और नशे से दूर रहने की सलाह दी गई। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें गलत संगत और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
Holding Urine Side Effects: पेशाब रोकने की आदत छोड़ दें, वरना शरीर में हो सकती हैं ये बीमारियां!
जन चौपाल में साइबर अपराध को लेकर भी ग्रामीणों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने अनजान नंबरों से आने वाली कॉल, संदिग्ध लिंक और मैसेज से सावधान रहने की सलाह दी।
ग्रामीणों से कहा गया कि बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड का विवरण, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। पुलिस ने बताया कि थोड़ी सी सतर्कता बरतकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है।
चौपाल में ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जुड़ी कई समस्याएं भी पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं। क्षेत्राधिकारी ने संबंधित जेई से बातचीत कर समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जन चौपाल के दौरान सामने आने वाली समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पुलिस लगातार जनता के बीच पहुंचती रहेगी।
Location : Gorakhpur
Published : 25 August 2026, 9:50 AM IST
Topics : Gorakhpur News Jan Chaupal UP Police