
गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र (Img: Pinterest)
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव का एक युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद परिवार ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस से शिकायत की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां रेनू देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह गगहा थाना क्षेत्र के मंजुरी गांव की रहने वाली हैं। उनके अनुसार 26 जून की शाम करीब चार बजे गोला थाना क्षेत्र के घोड़ा लोटन निवासी छोटू यादव उर्फ देवानंद कथित रूप से उनकी 16 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद से किशोरी का कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों का कहना है कि बेटी की तलाश करते हुए वे आरोपी के घर पहुंचे। वहां मौजूद आरोपी, उसके भाई, माता-पिता और अन्य लोगों ने उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि परिवार को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया गया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया गया।
आगरा की बेटी दीप्ति जैसे ही आज आस्ट्रेलिया का विकेट चटकाएगी विश्व कप में रचेगी इतिहास
मामले को गंभीर मानते हुए गोला पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर नामजद आरोपी और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 352 और 351(3) के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द) और 3(1)(ध) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय है और सभी संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।
Location : Gorakhpur
Published : 28 June 2026, 10:32 AM IST
Topics : Gola police Gorakhpur News Minor girl missing