
बेटियां कब सुरक्षित होंगी (Img: AI Generated)
Gorakhpur: गोरखपुर जनपद के गीडा के सेक्टर-22 ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक होटल में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की जघन्य घटना सामने आई है। पीड़िता के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ सहजनवा थाने में लिखित तहरीर दी है, लेकिन अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
गीडा थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला आरोपी युवक अपनी बहन के घर (सहजनवा थाना क्षेत्र के एक गांव) आने-जाने के दौरान पड़ोस की नाबालिग किशोरी से लगातार संपर्क में था। आरोप है कि शनिवार को आरोपी ने किशोरी को बहला-फुसलाकर सहजनवा ले जाया और फिर गीडा के सेक्टर-22 स्थित होटल में ले गया। वहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और उसके बाद फरार हो गया।
पीड़िता जब घर पहुंची तो उसने पूरे परिवार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद किशोरी के पिता ने सहजनवा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी।
सहजनवा थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया, “मौखिक सूचना मिली है। तहरीर प्राप्त होते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी जाएगी।”
यह घटना गीडा क्षेत्र के होटलों में चल रही कथित अवैध गतिविधियों की ओर इशारा करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे कई होटल हैं जहां नाबालिगों और महिलाओं के शोषण की शिकायतें पहले भी आ चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से सख्ती अब तक नजर नहीं आई है।
पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। पीड़िता की उम्र 18 वर्ष से कम होने के कारण POCSO एक्ट के तहत भी गंभीर धाराएं लगाए जाने की संभावना है।
Location : Gorakhpur
Published : 22 June 2026, 7:54 PM IST
Topics : Gorakhpur News POCSO Case uttar pradesh