
घर के बाहर शुरू हुआ विवाद (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र के चिरैयाडाड गांव में शुक्रवार शाम पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। पिछले कुछ समय से गांव में आपसी विवाद और छोटे-छोटे झगड़ों की चर्चा होती रही है। इसी तनाव के बीच शुक्रवार को ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। अब मामला पुलिस जांच के दायरे में है और दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं।
पीड़िता पवित्री, पत्नी राम गोविंद, का आरोप है कि शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे उनका बेटा घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर छोटा बेटा अंश सिंह बीच-बचाव के लिए पहुंचा, लेकिन आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई।
पीड़िता के अनुसार, विवाद यहीं नहीं रुका। उनका कहना है कि सभी आरोपी जबरन घर के भीतर घुस आए और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर उसके ससुर श्रीराम सिंह को भी बुरी तरह पीटा गया, जिससे उन्हें चोटें आईं।
परिजनों का दावा है कि जान बचाने के लिए वे पड़ोसी के घर भागे, लेकिन आरोपियों ने वहां भी पहुंचकर मारपीट और तोड़फोड़ की। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने गीडा थाने पहुंचकर 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी और सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को अपनी शिकायत सौंपी है।
गीडा थाना प्रभारी अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। जांच के आधार पर दोनों पक्षों का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला द्वारा लगाया गया छेड़छाड़ का आरोप प्रथम दृष्टया सही प्रतीत नहीं होता, लेकिन इसकी भी निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 25 July 2026, 5:24 PM IST
Topics : GIDA Police Gorakhpur Clash up crime