
चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ (Img: Dynamite News)
Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर के आदेश पर सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के चलते स्वाट टीम और सिहानी गेट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने बीती रात को मुठभेड़ के दौरान 2 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। इन अपराधियों ने महिलाओं से चेन और मंगलसूत्र को लूटा था। पुलिस ने अपराधियों के कब्जे से अवैध हथियार और लूटा गया सोना बरामद किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार बदमाशों ने हाल ही में 4 महिलाओं से लूटपाट की वारदातों को अंजाम दिया था। इनमें ग्रेटर नोएडा में स्थित गलगोटिया विश्वविद्यालय की एक प्रोफेसर भी शामिल हैं, जिनके गले से बदमाशों ने सोने की चेन और मंगलसूत्र झपट लिया था।
इसके अलावा गोविंदपुरम, लोहियानगर, संजय नगर और जीटी रोड क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदातें सामने आई थी। डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि आरोपी बाइक पर सवार होकर महिलाओं को निशाना बनाते थे और झपटमारी के बाद तेजी से फरार हो जाते थे।
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि बुधवार रात सिहानी गेट थाना पुलिस हमदर्द चौराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर संदिग्ध रूप से घूम रहे दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी मेरठ की ओर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों आरोपी घायल होकर गिर पड़े। मौके से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने अपने नाम आमिर (निवासी बोन्द्रा गांव, मेरठ) और संजय सैनी उर्फ शिवा (निवासी झिटकरी गांव, मेरठ) बताए हैं। दोनों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से महिलाओं से चेन और मंगलसूत्र की झपटमारी कर रहे थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
पुलिस पूछताछ में एक बड़ा खुलासा हुआ है कि झपटमार लूटे गए सोने को मेरठ निवासी सर्राफ मोनू वर्मा को बेचते थे। मोनू वर्मा सोने को पिघलाकर उसके टुकड़े तैयार करता था और आगे अवैध रूप से उसे बेचता था। इसके बाद पुलिस ने मोनू वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से सोने के टुकड़े और संबंधित सामग्री बरामद की गई है।
बाइक, तमंचे और लूटा गया माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, दो तमंचे और लूटा गया सोना बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि इस गैंग के नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों की भी जांच की जा रही है। डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि यह कार्रवाई लंबे समय से सक्रिय चेन-स्नैचिंग गैंग के खिलाफ की गई है, जो लगातार महिलाओं को निशाना बना रहा था।
Location : Ghaziabad
Published : 4 June 2026, 10:19 AM IST