
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शनिवार को एक बैग बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। ट्रॉनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर A3 में स्थित R&R Inc. Corporation फैक्ट्री में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं और ऊंची लपटों से घिर गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। फैक्ट्री के अंदर बैग बनाने में इस्तेमाल होने वाला प्लास्टिक और बड़ी मात्रा में अन्य कच्चा माल रखा हुआ था। ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। कुछ ही समय में आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा।
आग के दौरान फैक्ट्री का टिन शेड भी नीचे गिर गया। इसके चलते अंदर सुलग रही आग तक पहुंचना दमकल कर्मियों के लिए मुश्किल हो गया। आग बुझाने और अंदर जाने का रास्ता बनाने के लिए दमकल कर्मियों को JCB की मदद लेनी पड़ी। JCB से फैक्ट्री की दीवार को तोड़ा गया, जिसके बाद मलबे के नीचे सुलग रही आग पर पानी की बौछार की गई।
आग की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉनिका सिटी फायर स्टेशन के साथ आसपास के इलाकों से भी दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। करीब 12 फायर टेंडर और पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। दमकल कर्मियों ने करीब 8 से 10 होज लाइनों के जरिए लगातार पानी की बौछार की।
राहत की बात यह रही कि इस भीषण आग में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री में रखा बैग बनाने का कच्चा माल और अन्य सामान जलकर खाक होने का अनुमान है। शुरुआती तौर पर नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के सही कारण और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Location : Ghaziabad
Published : 5 September 2026, 11:21 AM IST