एयरपोर्ट पर दोस्ती, फिर धोखा… सूरत के कारोबारी के साथ Mumbai Airport पर करोड़ों की ठगी

मुंबई एयरपोर्ट पर सूरत के एक कारोबारी से करीब 2 करोड़ रुपये का सोना और 33 लाख रुपये से ज्यादा नकद ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी कस्टम प्रक्रिया में मदद के बहाने बैग लेकर फरार हो गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 12 September 2026, 12:30 PM IST

मुंबई: छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सूरत के एक कपड़ा कारोबारी के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कारोबारी से करीब 1.95 करोड़ रुपये कीमत का 1.5 किलोग्राम सोना और 1.28 लाख UAE दिरहम (करीब 33.35 लाख रुपये) नकद ठग लिए गए। इस मामले में सहार पुलिस स्टेशन में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

दुबई से लौटते समय हुई कारोबारी से मुलाकात

पुलिस के अनुसार, 67 वर्षीय कारोबारी ने कपड़े का कारोबार बंद करने के बाद नए बिजनेस की तलाश शुरू की थी। इसी दौरान दुबई यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात केरल निवासी मोहम्मद आसिफ से हुई।

आसिफ ने कारोबारी को सलाह दी कि वह UAE से कानूनी तरीके से सोना खरीदकर भारत में बेच सकते हैं। कारोबारी ने उसकी बात पर भरोसा किया और सोने के कारोबार में उतरने का फैसला किया।

1.5 किलो सोना और कस्टम ड्यूटी के लिए नकदी लेकर पहुंचे मुंबई

पुलिस शिकायत के मुताबिक, कारोबारी ने पिछले महीने दुबई से 1 किलो और 500 ग्राम वजन की दो सोने की छड़ें खरीदी थीं। इस सोने की कीमत करीब 7,66,589 UAE दिरहम बताई गई है।

कारोबारी भारत में कस्टम ड्यूटी का भुगतान करने के लिए अपने साथ 1,28,000 UAE दिरहम नकद भी लेकर आए थे।

कस्टम प्रक्रिया में मदद के बहाने ले गया बैग

पुलिस के मुताबिक, जब कारोबारी एमिरेट्स की फ्लाइट से दुबई से मुंबई पहुंचे तो उनकी मुलाकात नियास मोहम्मद कटुमाडाथिल से हुई। उसे मोहम्मद आसिफ के परिचित के तौर पर कारोबारी से मिलवाया गया था।

मुंबई एयरपोर्ट पर नियास ने कस्टम डिक्लेरेशन की प्रक्रिया पूरी कराने में मदद करने की बात कहकर कारोबारी का भरोसा जीत लिया। इसके बाद जब कारोबारी इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सोना घोषित करने और कस्टम ड्यूटी जमा करने की तैयारी कर रहे थे, तभी नियास ने सोना और नकदी से भरा काला बैग यह कहकर ले लिया कि वह आगे की प्रक्रिया पूरी करा देगा।

बैग लेकर डोमेस्टिक गेट की ओर भागा आरोपी

आरोप है कि बैग लेने के बाद नियास तेजी से डोमेस्टिक एग्जिट गेट की ओर चला गया और बेंगलुरु की फ्लाइट पकड़कर फरार हो गया।

कारोबारी ने मोहम्मद आसिफ के साथ मिलकर एयरपोर्ट पर आरोपी को तलाशने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने सहार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी

कारोबारी ने आरोप लगाया है कि नियास मोहम्मद और केरल के मलप्पुरम निवासी मोहम्मद हारिस थुम्बलांथोडी इस पूरी साजिश में शामिल थे। दोनों ने मिलकर सोना और नकदी से भरा बैग लेकर फरार होने की योजना बनाई।

सहार पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश और चोरी हुए सोने व नकदी की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।

Location :  Mumbai

Published :  12 September 2026, 12:30 PM IST