
विक्रमपुर गांव में देर रात खूनी संघर्ष (Source: Dynamite News)
Fatehpur: जिले के औंग थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में देर रात खूनी संघर्ष की घटना से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक जीजा तलवार लेकर अपनी ससुराल पहुंचा और वहां परिवार के लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया। मारपीट के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बताया जा रहा है कि जीजा रात के समय तलवार लेकर अपनी ससुराल पहुंचा था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उसने सो रहे परिवार के लोगों पर तलवार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
हमले में साला, सरहज और तीन भतीजों समेत पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए फतेहपुर मेडिकल कॉलेज से घायलों को कानपुर रेफर किया गया है। फिलहाल सभी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि लोगों ने जीजा को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही औंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस के सामने अब एक और चुनौती परिवार के एक साले की तलाश को लेकर है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से वह लापता है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। हालांकि, उसके लापता होने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
Delhi SIR: वोटर लिस्ट में बड़ा उलटफेर! 47.7 लाख नाम ड्राफ्ट से बाहर, जानें कब आएगी फाइनल लिस्ट
फिलहाल जीजा द्वारा ससुराल पहुंचकर हमला करने की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही खूनी संघर्ष की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
Location : Fatehpur
Published : 3 September 2026, 10:24 AM IST