
पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल (Img: Dynamite News)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। खागा कस्बे की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनके पति को गलत ब्लड चढ़ाया गया, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पीड़िता ने अब जिला प्रशासन और पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खागा नगर पंचायत के हरदोनगर मजरे बल्दी का पुरवा निवासी सरोज देवी ने अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 4 जुलाई 2026 को उनके पति अमर सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। वह उन्हें दूसरे अस्पताल लेकर जा रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में लाइफ केयर अस्पताल के प्रबंधक रवि त्रिवेदी मिले, जिन्होंने कम खर्च में बेहतर इलाज का भरोसा दिलाकर अपने अस्पताल में भर्ती करा लिया।
महिला का कहना है कि परिवार ने अस्पताल प्रबंधन की बात पर भरोसा किया, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि आगे हालात इतने गंभीर हो जाएंगे।
बड़ी खबर: सीनियर IPS अनुराग धनखड़ DGP त्रिपुरा की रहस्यमयी मौत, पुलिस मुख्यालय में मिला शव
पीड़िता के अनुसार अस्पताल में डॉक्टर विपिन सिंह ने जांच के बाद खून की कमी बताते हुए ब्लड चढ़ाने की सलाह दी। महिला का आरोप है कि ब्लड चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होने के कुछ ही समय बाद उनके पति की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार डॉक्टरों से जानकारी मांगी, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के नाम पर पहले 70 हजार रुपये और बाद में 28 हजार रुपये अतिरिक्त जमा कराए।
सरोज देवी का आरोप है कि मरीज की हालत गंभीर होने पर अस्पताल संचालक उन्हें कानपुर लेकर गया, जहां बिना परिजनों की स्पष्ट जानकारी और सहमति के वेंटिलेटर पर भर्ती कराया गया। कुछ घंटों बाद अस्पताल ने इलाज जारी रखने में असमर्थता जताई। इसके बाद परिजन अमर सिंह को प्रयागराज लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। स्वरूप रानी अस्पताल, प्रयागराज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोरखपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, SOG के उपनिरीक्षक राजकुमार बरवार बने बेलीपार के नए थानाध्यक्ष
पति की मौत के बाद महिला ने अस्पताल प्रबंधन पर विरोध करने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके कारण वह लंबे समय तक चुप रहीं। अब उन्होंने पुलिस अधीक्षक फतेहपुर को शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल महिला की शिकायत के आधार पर मामला अधिकारियों के संज्ञान में पहुंच गया है। इस मामले में संबंधित अस्पताल या डॉक्टरों की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इलाज में वास्तव में कोई लापरवाही हुई थी या नहीं।
Location : Fatehpur
Published : 20 July 2026, 2:35 PM IST
Topics : Blood Transfusion fatehpur news UP News