पहले कूकर के ढक्कन से हमला, फिर पानी में डुबोया… सारी बेशर्मी की हदें पार करने के बाद भी नहीं बच सका कातिल पति

फतेहपुर में पत्नी शालिनी की हत्या के आरोप में पति दिलीप कुमार यादव गिरफ्तार हुआ है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कूकर के ढक्कन और हैंडल से हमला करने के बाद पत्नी को पानी से भरे टब में डुबोया और घटना को हादसा दिखाने की कोशिश की। फॉरेंसिक साक्ष्यों के बाद गिरफ्तारी हुई।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 August 2026, 12:29 PM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में पत्नी शालिनी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति दिलीप कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले पत्नी के सिर पर कूकर के ढक्कन और हैंडल से हमला किया, फिर उसे पानी से भरे टब में डुबो दिया। इसके बाद वारदात को हादसा दिखाने की कोशिश की गई।

अस्पताल ले जाकर हादसा बताने की कोशिश

मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ले का है। यहां किराए के मकान में रहने वाली शालिनी की 8 अगस्त को मौत हुई थी। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी पति ने घटना को हादसा बताने की कोशिश की और पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा।

आरोपी ने अपने भाइयों को भी पत्नी के हादसे में बेहोश होने की जानकारी दी थी। हालांकि, पुलिस की जांच में सामने आए साक्ष्यों ने पूरे मामले की दिशा बदल दी।

कूकर के ढक्कन और हैंडल से हमला

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी ने पत्नी के सिर पर कूकर के ढक्कन और हैंडल से वार किया था। इसके बाद उसकी गर्दन पकड़कर इन्फ्लेटेबल टब में भरे पानी में डुबोने का आरोप है।

बताया गया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब 20 मिनट तक बाहर घूमता रहा। फिर वापस आकर उसने पत्नी के हादसे में बेहोश होने की बात कही।

पत्नी पर लगाए थे गंभीर आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पति की ओर से पत्नी पर अवैध संबंध होने का आरोप लगाने की बात सामने आई है। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई।

हालांकि, मृतका के पिता धर्मराज यादव ने बेटी पर लगाए गए इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। पुलिस ने मामले की जांच में फॉरेंसिक साक्ष्यों को भी शामिल किया।

यूपी के मंदिर में डबल मर्डर: पूजा की थाल वाले हाथ रंगे खून से, बागपत में पुजारी ने कराया डबल मर्डर

फॉरेंसिक जांच से खुला राज

9 अगस्त को मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, फॉरेंसिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर दिलीप कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी को कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल किए गए सामान के साथ गिरफ्तार किया। 12 अगस्त को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

LDA के चर्चित घूसकांड में बड़ा खुलासा, PCS अफसर समेत 11 इंजीनियरों पर लटकी तलवार, विजिलेंस जांच शुरू

2017 में हुई थी लव मैरिज

पुलिस के मुताबिक, दिलीप और शालिनी ने 3 दिसंबर 2017 को लव मैरिज की थी। दोनों शादीपुर और नासिरपीर इलाके में किराए के मकान में रहते थे। बाद में उनके बीच विवाद बढ़ने की बात सामने आई।

इस मामले में पुलिस हत्या के पीछे की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  Fatehpur

Published :  13 August 2026, 12:29 PM IST