
बड़ौरी टोल पर क्या हुआ? (Source: Pinterest )
Fatehpur: फतेहपुर में माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद के काफिले से जुड़े वाहनों को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। टोल कर्मियों ने काफिले में शामिल लोगों पर अभद्रता, धमकी देने और वाहन चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। मामले में कल्यानपुर और खागा थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अब टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज और वाहनों के नंबरों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। प्रारंभिक जांच में काफिले में करीब 15 वाहन शामिल होने की बात सामने आई है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरी टोल प्लाजा के प्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, 8 अगस्त को दोपहर करीब 2:39 बजे पुलिस अभिरक्षा में अली अहमद को जिला कारागार झांसी से प्रयागराज ले जाया जा रहा था। उसके पीछे कई वाहन चल रहे थे।
टोल कलेक्टर संजय सिंह और सुपरवाइजर कौशलेश सिंह ने काफिले में शामिल वाहनों को टोल शुल्क जमा करने के लिए कहा। आरोप है कि इस पर वाहन सवारों ने कर्मचारियों से अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के मुताबिक, कुछ वाहन चालकों ने कर्मचारियों को वाहन से कुचलने की कोशिश भी की और इसके बाद बिना टोल शुल्क दिए आगे निकल गए। इस मामले में आठ नंबर वाली और दो बिना नंबर वाली गाड़ियों समेत कुल 10 वाहनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इसी दिन करीब 3:38 बजे कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रहा काफिला खागा थाना क्षेत्र के कटोघन टोल प्लाजा की लेन नंबर नौ पर पहुंचा। कर्मचारी सोनू सिंह के मुताबिक, शिफ्ट इंचार्ज संजू कुमार यादव और बूथ इंचार्ज सनी कुमार सविता ने वाहनों को रोककर टोल शुल्क मांगा।
आरोप है कि इस दौरान वाहन सवारों ने गाली-गलौज की और खुद को ‘अतीक के आदमी’ बताया। कर्मचारियों का आरोप है कि इसके बाद उन्हें धमकाया गया और वाहन चढ़ाने की कोशिश की गई।
इस मामले में 11 वाहनों में सवार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इनमें एक वाहन बिना नंबर का बताया गया है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, बड़ौरी टोल से आठ वाहनों के नंबर और कटोघन टोल से भी कई वाहनों को ट्रेस किया गया है। जांच में काफिले में करीब 15 वाहन शामिल होने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, प्रत्येक वाहन में चार से पांच लोगों के सवार होने का अनुमान है। इस आधार पर करीब 65 से 70 लोगों के काफिले में शामिल होने की आशंका है।
पुलिस ने टोल कर्मचारियों की शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास, बलवा, सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाने, धमकी और गाली-गलौज समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वाहन नंबर और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है। पहचान होने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
फतेहपुर जिले से अतीक अहमद का पुराना जुड़ाव भी रहा है। पुलिस कार्रवाई के दौरान जिले में अतीक से जुड़े बताए गए कुछ लोगों और नेताओं पर कार्रवाई की गई थी। खखरेरू क्षेत्र में बसपा नेता और उनके बेटों के खिलाफ भी कार्रवाई की बात सामने आई थी।
फिलहाल टोल प्लाजा विवाद में पुलिस की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि घटना के दौरान कौन-कौन लोग और वाहन वहां मौजूद थे।
Location : Fatehpur
Published : 11 August 2026, 8:48 AM IST
Topics : Atiq Ahmed fatehpur news Uttar Pradesh Crime