
किसान का फाइल फोटो
मेरठ: भावनपुर थाना क्षेत्र में एक किसान की बिजली टावर से गिरने के कारण मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई, जब किसान अपनी जमीन का मुआवजा न मिलने से परेशान था और तनाव में आकर उसने अपने जीवन को समाप्त करने का प्रयास किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं, परिजनों ने इस घटना का जिम्मेदार मेरठ विकास प्राधिकरण को ठहराते हुए मुआवजे की मांग उठाई है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को देर शाम करीब 7:00 बजे के आसपास मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के बीएनजी स्कूल के पास स्थित 33,000 केवी के बिजली टावर पर एक व्यक्ति मनोहर नामक किसान चढ़ गया। किसान की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। वह अपनी जमीन का मुआवजा न मिलने से काफी परेशान था। बताया जाता है कि वह काफी तनाव में था और इसी मानसिक स्थिति में उसने बिजली टावर पर चढ़ने का कदम उठाया।
जमीन का मुआवजा नहीं मिलने से परेशान था किसान
जब वह टावर पर चढ़ गया तो उसकी मोबाइल की वीडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है। इस दौरान वह बातचीत में कह रहा था कि उसे उसकी जमीन का मुआवजा नहीं मिल रहा है और वह न्याय पाने के लिए इससे बड़ा कदम उठा रहा है। कुछ देर बाद ही वह टावर पर चढ़ा रहा। तभी वहां मौजूद लोगों और पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी बात सुनी और उसे किसी तरह नीचे उतरने के लिए मनाया।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मनोहर जब नीचे उतर रहा था तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह टावर से गिर पड़ा। उसकी गिरने से मौके पर ही गंभीर चोटें आई। आनन-फानन में घायल किसान को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कहा- नशे में था किसान
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी देहात डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक का नाम मनोहर है और वह शराब के नशे में था। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का आरोप
मनोहर की पत्नी और बच्चे इस घटना से सदमे में हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मेरठ विकास प्राधिकरण उसकी जमीन का मुआवजा देने में देरी कर रहा था, जिससे वह परेशान था। परिजनों का दावा है कि मुआवजे की मांग लेकर वह बार-बार अधिकारियों के चक्कर काट रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि इसी मानसिक तनाव के कारण उसने आत्महत्या का कदम उठाया।
Location : Meerut
Published : 9 June 2025, 5:15 PM IST