Delhi Crime News: मधु विहार में 15 राउंड फायरिंग से दहली राजधानी, जानिए क्या है पूरा विवाद

पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में शुभम बैंक्वेट हॉल के मालिकाना हक और लीज विवाद को लेकर 10-15 लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हिंसक झड़प में एक महिला के पैर में गोली लग गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार आरोपियों की तलाश और मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 July 2026, 1:21 PM IST

New Delhi: पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में गुरुवार शाम बैंक्वेट हॉल को लेकर चल रहा विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि 10 से 15 लोगों के एक समूह ने शुभम बैंक्वेट हॉल के बाहर पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान एक महिला के पैर में गोली लग गई, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के समय बैंक्वेट हॉल में कई महिलाएं मौजूद थीं, जिससे मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।

कब्जे के विवाद से बढ़ा मामला

जानकारी के अनुसार, शुभम बैंक्वेट हॉल के संचालन को लेकर दो पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बैंक्वेट हॉल के मालिक सुरेंद्र डे हैं, जबकि आजाद चौधरी पिछले सात साल से इसे लीज पर चलाते हैं। आरोप है कि गुरुवार दोपहर कुछ लोग हॉल पर कब्जा करने पहुंचे और वहां ताला लगा दिया। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया और दोनों पक्षों को थाने भी ले जाया गया।

ये भी पढ़ें - Crime in Delhi: पूर्वी दिल्ली में एमटीएनएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी की उसके घर में चाकू घोंपकर हत्या

शाम होते ही चली गोलियां

स्थानीय लोगों का दावा है कि मामला शांत होने के कुछ घंटे बाद शाम करीब 6 बजे आरोपी दोबारा कई गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे और बैंक्वेट हॉल के बाहर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 10 से 15 राउंड गोलियां चलाई गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

महिला घायल, इलाके में मची दहशत

फायरिंग के दौरान एक महिला के पैर में गोली लग गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया और इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।

ये भी पढ़ें - Delhi News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार पर स्याही फेंकने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पीड़ित पक्ष का दावा है कि घटना के समय एक पुलिसकर्मी भी वहां मौजूद था और उसके सामने पूरी वारदात हुई। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में अभी जांच जारी है और पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच की बात कही है।

Location :  New Delhi

Published :  10 July 2026, 1:21 PM IST