Deoria: कागजों में खुल रहे थे आंगनबाड़ी केंद्र, मौके पर लटके मिले ताले! जांच के बाद मचा हड़कंप

देवरिया में आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित जांच के दौरान लापरवाही सामने आई है। 20 अगस्त को विभिन्न अधिकारियों के निरीक्षण में कई केंद्रों पर कार्यकत्रियां और सहायिकाएं अनुपस्थित मिलीं। पोषण ट्रैकर पर भी केंद्र संचालन की रिपोर्ट में गड़बड़ी मिली। विभाग ने संबंधित कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 August 2026, 1:43 PM IST

Deoria: जनपद में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में लापरवाही बरतने वाली कार्यकत्रियों और सहायिकाओं पर अब बाल विकास विभाग सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। विभागीय अधिकारियों की ओर से रोजाना सुबह 8 बजे क्षेत्र में निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान कई केंद्रों के समय से नहीं खुलने और पोषण ट्रैकर पर सही उपस्थिति दर्ज नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

पहले चेतावनी, अब कार्रवाई की तैयारी

विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान पहले बंद पाए गए आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकत्रियों को चेतावनी जारी की गई थी। इसके बावजूद कुछ केंद्रों की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि कई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं समय से केंद्र नहीं खोल रही हैं।

इसके साथ ही पोषण ट्रैकर के जरिए उपस्थिति और केंद्र संचालन से संबंधित जानकारी भी निर्धारित तरीके से दर्ज नहीं की जा रही है।

पोषण ट्रैकर ने खोली लापरवाही की पोल

विभाग ने पोषण ट्रैकर के माध्यम से ऐसे केंद्रों को चिन्हित किया है, जहां से आंगनबाड़ी केंद्र खोलने की रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही थी। कुछ मामलों में कथित तौर पर केंद्र से अलग किसी अन्य स्थान से केंद्र खोलने की रिपोर्ट दर्ज किए जाने की बात भी सामने आई है।

इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों को दोषी पाए जाने वाली कार्यकत्रियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

20 अगस्त के निरीक्षण में 8 केंद्र मिले बंद

20 अगस्त 2026 को विभिन्न अधिकारियों की ओर से किए गए निरीक्षण में कई आंगनबाड़ी केंद्र बंद पाए गए। विभाग के अनुसार, जांच के दौरान भलुअनी, रामपुर कारखाना, सदर, बड़हरा, भाटपाररानी और गौरी बाजार क्षेत्र के केंद्रों में कार्यकत्रियों या सहायिकाओं की अनुपस्थिति सामने आई।

विभागीय सूची के अनुसार ओझा परसिया, कन्हौली, डुमरी, लाहिलपार, बड़हरा, धटैला गाजी, कोठिलवा और लेड़हा समेत विभिन्न केंद्रों में संबंधित कर्मी जांच के दौरान अनुपस्थित पाए गए।

जिम्मेदारों पर होगी कठोर कार्रवाई

बाल विकास विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। विभाग का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्रों का समय से संचालन और बच्चों तथा लाभार्थियों से जुड़ी सेवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है।

लगातार निरीक्षण के बावजूद लापरवाही मिलने के बाद अब चेतावनी के बजाय जिम्मेदार कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की तैयारी है। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में लापरवाही बरतने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Location :  Deoria

Published :  20 August 2026, 1:43 PM IST