
त्योहार से पहले देवघर में मिठाइयों पर बड़ी कार्रवाई (Img: Dynamite News)
Deoghar: त्योहारों के मौसम में मिठाइयों और दूसरे खाद्य पदार्थों की खरीदारी बढ़ने के साथ उनकी गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच देवघर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जलसार चिल्ड्रन पार्क और हदहदिया पुल के पास विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कार्रवाई की है।
अभियान के दौरान 41 किलो खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट कराई गई, जबकि स्वच्छता में लापरवाही और लाइसेंस संबंधी खामियों पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस दिया गया। शिव मिष्ठान भंडार से पनीर का नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन के नेतृत्व में 27 अक्टूबर को चलाए गए इस अभियान में मिठाइयों की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री रखने के तरीके और साफ-सफाई की स्थिति की जांच की गई।
जलसार चिल्ड्रन पार्क के पास स्थित दिगंबर स्वीट्स में निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री खुले में रखे जाने और साफ-सफाई की अनदेखी किए जाने की बात सामने आई। विभाग ने प्रतिष्ठान को दो दिनों के भीतर व्यवस्था में सुधार करने का नोटिस दिया और जुर्माना भी लगाया। निरीक्षण के दौरान अपेक्षित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाई गई खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसमें 21 किलो गुजिया, 10 किलो बालूशाही, पांच किलो नमकीन और पांच किलो गाजा शामिल हैं। इस तरह कुल 41 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।
पनीर का नमूना जांच के लिए भेजा (Img: Dynamite News)
ये भी पढ़ें- अराजकता के खिलाफ पटना की सड़कों पर उतरी बीजेपी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में निकली विशाल पदयात्रा
निरीक्षण अभियान के दौरान जलसार रोड स्थित शाम सवेरा प्रतिष्ठान का लाइसेंस एक्सपायर पाया गया। विभाग की ओर से आवश्यक लाइसेंस के लिए नोटिस दिया गया है। वहीं, हदहदिया पुल के पास स्थित मां लक्ष्मी मिष्ठान भंडार, शिव मिष्ठान भंडार और मिहिर स्वीट्स में पनीर, रसगुल्ला, खोया और लड्डू सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच की गई। शिव मिष्ठान भंडार से पनीर का नमूना लिया गया है, जिसे राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने डाइनामाइट न्यूज़ को खास बातचीत में बताया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ विभाग नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बार अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान को 10 दिनों का शो-कॉज नोटिस दिया जा रहा है, ताकि संचालक अपनी स्थिति स्पष्ट करने के साथ जरूरी सुधार कर सकें। इसके बावजूद अगर संबंधित कारोबारी नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव के नियमों में बड़ा बदलाव, अब गांव में 6 महीने रहना जरूरी, लगी कैबिनेट की मुहर
देवघर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई कोई नई बात नहीं है। त्योहारों और श्रावणी मेले के दौरान भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चलाए गए हैं। अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा विभाग ने खिजुरिया से कलकतिया धर्मशाला और रिखिया क्षेत्र में 40 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की थी। उस अभियान में पकौड़ा, रसगुल्ला, घुघनी, लड्डू, सब्जी और छोला सहित कुल 33 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई थी।
अक्टूबर में भी जांच अभियान के दौरान अनियमितताएं सामने आईं। 22 अक्टूबर को सारवां क्षेत्र में हुई एक प्रतिष्ठान में आइसक्रीम फ्लेवर की 13 बोतलें और दूसरे प्रतिष्ठान में माजा कोल्ड ड्रिंक की 20 बोतलें एक्सपायरी पाई गईं। संबंधित उत्पादों को नष्ट कराया गया।
देवघर धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाला शहर है। यहां स्थानीय लोगों के साथ दूसरे जिलों और राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में मिठाई, नमकीन, पनीर, खोया, चाट और दूसरे तैयार खाद्य पदार्थों की बिक्री का दायरा काफी व्यापक है।
Location : Deoghar
Published : 28 October 2026, 3:47 PM IST