दिल्ली के पार्क में गूंजी मासूम की चीखें, मौके पर दौड़े लोग, आरोपी को किया पुलिस के हवाले

दिल्ली के भरत नगर इलाके में एक पार्क में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 November 2026, 3:17 PM IST

बाहरी दिल्ली: राजधानी दिल्ली के भरत नगर इलाके से एक शर्मनाक वारदात सामने आई है। यहां एक पार्क में 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप एक 40 वर्षीय व्यक्ति पर लगा है। बच्ची की चीखें सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में वारदात के बाद बच्ची की हत्या करने की मंशा होने की बात भी कही है।

पार्क से गुजर रही बच्ची को बनाया निशाना

जानकारी के मुताबिक, बच्ची स्कूल की छुट्टी के बाद अपने माता-पिता को बताकर एक रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकली थी। रास्ते में वह एक पार्क से गुजर रही थी। बच्ची के बयान के अनुसार, इसी दौरान वहां नशे की हालत में मौजूद आरोपी ने उसे अकेला देखकर पकड़ लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

बच्ची की चीखें सुनकर दौड़े लोग

बच्ची की चीखें सुनकर पार्क में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई भी की। इसी बीच पार्क के सुरक्षा गार्ड ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस बच्ची और आरोपी को महिला पुलिस पोस्ट लेकर गई।

मेडिकल जांच के बाद मुकदमा दर्ज

पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मेडिकल जांच कराने के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई है। वह पेशे से कारपेंटर है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात के बाद बच्ची की हत्या करने की मंशा होने की बात भी स्वीकार की है।

पार्कों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

भरत नगर इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली पुलिस की ओर से पार्कों में नियमित गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दावों के बीच सामने आई यह वारदात चिंताजनक है।

Location :  New Delhi

Published :  26 November 2026, 3:17 PM IST