पोते की ढाल बनी दादी की बलि: कलयुगी बेटे ने बांस के वार से छीनी मां की सांसें, दरभंगा में सनसनी

बिहार के दरभंगा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात। फेकला के बीसबीघा में पोते की पिटाई रोकने पहुंची 65 वर्षीय प्रमिला देवी की उनके ही बेटे ज्ञानी यादव ने बांस से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर शव पोस्टमार्टम के बाद सौंपा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 September 2026, 12:43 PM IST

Darbhanga: बिहार के दरभंगा जिले में पारिवारिक रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। फेकला थाना क्षेत्र के बीसबीघा गांव में मंगलवार की शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक पिता अपने ही मासूम बेटे की बेरहमी से पिटाई कर रहा था।

अपने जिगर के टुकड़े (पोते) को पिटता देख 65 वर्षीय दादी प्रमिला देवी (पति उपेंद्र यादव) खुद को रोक न सकीं और बीच-बचाव करने पहुंच गईं। हालांकि, पोते के प्रति उनका यह वात्सल्य और ममता उनकी अपनी ही जिंदगी के लिए काल साबित हो गया।

बांस के वार से मौके पर तोड़ा दम

पोते को बचाने की जिद पर जब मां ने बेटे ज्ञानी यादव को रोकना चाहा, तो दोनों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। गुस्से में पूरी तरह अंधा हो चुका ज्ञानी यादव आपा खो बैठा।

उसने पास में पड़ा एक भारी बांस का टुकड़ा उठाया और अपनी वृद्ध मां के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। प्रमिला देवी के सिर पर इतनी गंभीर चोटें आईं कि उन्होंने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। घर के भीतर हुए इस खूनी खेल के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

बिहार के 5.5 लाख शिक्षकों की बल्ले-बल्ले! 7वां वेतन आयोग लागू हुआ तो हर महीने इतनी मिलेगी सैलरी

आरोपी बेटा सलाखों के पीछे

घटना की भनक मिलते ही फेकला थानाध्यक्ष वशिष्ठ कापर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीसबीघा गांव से ही आरोपी बेटे ज्ञानी यादव को गिरफ्तार कर लिया।

बुधवार को दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस दिया गया है और सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Location :  Darbhanga

Published :  10 September 2026, 12:43 PM IST