Chandauli News: राजदरी डैम में अचानक बढ़ा पानी, बीच धार में फंसे 3 युवक; पत्थर पर बैठकर बचाई जान

चंदौली के राजदरी डैम में पिकनिक मनाने पहुंचे तीन युवकों के साथ अचानक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मचा दिया। देखते ही देखते पानी का बहाव तेज हो गया और तीनों युवक बीच धार में फंस गए। इसके बाद शुरू हुआ एक खतरनाक रेस्क्यू ऑपरेशन।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 31 August 2026, 1:36 PM IST

Chandauli: नौगढ़ तहसील क्षेत्र के राजदरी डैम में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पिकनिक मनाने और नहाने पहुंचे तीन युवक अचानक बढ़े जलस्तर के बीच फंस गए। पानी का बहाव तेज होने के कारण तीनों युवक बीच धार में पहुंच गए और तेज धारा की चपेट में आ गए।

अचानक बढ़ा पानी का जलस्तर

बताया जा रहा है कि तीनों युवक डैम क्षेत्र में नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक पानी का जलस्तर बढ़ने लगा। देखते ही देखते पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि युवकों के लिए वापस किनारे लौटना मुश्किल हो गया।

तेज बहाव के बीच तीनों युवक एक बड़े पत्थर पर जाकर अटक गए। उन्होंने किसी तरह पत्थर पर टिककर अपनी जान बचाई और मदद का इंतजार करने लगे।

युवकों को बीच धार में देख मची अफरा-तफरी

तीनों युवकों को पानी के बीच फंसा देखकर मौके पर मौजूद अन्य सैलानियों में हड़कंप मच गया। लोगों ने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दोनों विभागों की संयुक्त टीम ने स्थिति का जायजा लिया और युवकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

डोरी के सहारे तीनों का रेस्क्यू

रेस्क्यू टीम ने सावधानी के साथ डोरी का सहारा लिया। तेज बहाव के बीच टीम ने युवकों तक पहुंचकर उन्हें एक-एक करके सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तीनों युवकों के सकुशल बाहर आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर पटाखा फैक्ट्री में तबाही, चारपाई पर झुलसे मजदूर… धुएं से ढका पूरा इलाका

वाराणसी और चंदौली के रहने वाले हैं युवक

पुलिस के अनुसार, रेस्क्यू किए गए तीनों युवक वाराणसी और चंदौली जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। वे राजदरी डैम में घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे।

प्रतिबंधित क्षेत्र में नहाने पहुंचे थे युवक

बताया गया कि जिस स्थान पर युवक नहाने पहुंचे थे, वह क्षेत्र प्रतिबंधित है। वहां पहले से ही लोगों को खतरे से आगाह करने के लिए सूचना बोर्ड भी लगाया गया था। इसके बावजूद युवक प्रतिबंधित क्षेत्र में नहाने चले गए।

अंकित बालियान हत्याकांड में दो शूटर को ढेर करने के बाद डीजीपी ने बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस, बताया- अब आगे क्या करेंगे

लापरवाही से खतरे में पड़ती है जान

राजदरी डैम और आसपास के पिकनिक स्पॉट पर अक्सर सैलानियों की लापरवाही भारी पड़ सकती है। जलस्तर में अचानक बदलाव और तेज बहाव के कारण ऐसे स्थानों पर हादसे का खतरा बना रहता है।

ऐसी घटनाओं में प्रशासन और पुलिस को तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ता है। राजदरी डैम में हुई इस घटना ने एक बार फिर प्रतिबंधित और खतरनाक क्षेत्रों में जाने से बचने की जरूरत को सामने ला दिया है।

Location :  Chandauli

Published :  31 August 2026, 1:36 PM IST