
कब्जेदारों में हड़कंप (Img: Dynamite News )
Chandauli: चंदौली के डीडीयू नगर में सरकारी तालाबों और नालों पर हुए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान शुरू किया है। सुभाष नगर क्षेत्र में स्थित सरकारी तालाब की जमीन का सीमांकन किया जा रहा है और अवैध निर्माणों को चिन्हित किया जा रहा है।
प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर लगातार अतिक्रमण की पहचान कर रही है। जिन स्थानों पर अवैध निर्माण पाया गया है, उन्हें चिह्नित कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इन पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
एसडीएम राजीव सक्सेना ने स्पष्ट कहा है कि तालाब की जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच में अवैध कब्जा पाया गया तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी राहत नहीं मिलेगी।
प्रशासन ने केवल एक ही तालाब नहीं बल्कि आसपास की अन्य सरकारी जमीनों और तालाबों की जांच के लिए भी विशेष टीमें गठित कर दी हैं। खाली पड़ी सरकारी भूमि को तत्काल कब्जे में लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बीच स्थानीय लोगों ने तालाबों और नालों पर हुए लंबे समय से कब्जों को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि वर्षों से निर्माण हो रहे थे, लेकिन अब अचानक कार्रवाई शुरू हुई है।
तहसील प्रशासन का कहना है कि तालाबों का संरक्षण उनकी प्राथमिकता है। अवैध कब्जेदारों को किसी भी स्थिति में राहत नहीं दी जाएगी, जबकि जरूरतमंदों को कानूनी प्रक्रिया के तहत सुनवाई का अवसर मिलेगा।
एसडीएम राजीव सक्सेना ने कहा कि तालाबों की भूमि पर अतिक्रमण की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
Location : Chandauli
Published : 6 July 2026, 12:51 PM IST
Topics : Chandauli News Encroachment Drive UP News