
युवक की मौत के बाद जुटे परिजन (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं के थाना कादर चौक क्षेत्र के सरकी जंगल में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में जमीन पर पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची थाना कादर चौक पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की शिनाख्त आधार कार्ड के जरिए की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक आराम सिंह उम्र 20 वर्ष पुत्र जंगीलाल, निवासी गांव सैंजनी, थाना सिविल लाइन, जनपद बदायूं का रहने वाला था। परिजनों ने बताया कि आराम सिंह गुरुवार की शाम करीब 6 बजे अचानक बिना कुछ बताए घर से निकल गया था। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका था।
ये भी पढ़ें- “शिक्षक सिर्फ पढ़ाते नहीं, भविष्य भी गढ़ते हैं”, गोरखपुर में 81 शिक्षकों को सीएम योगी ने किया सम्मानित
इसी बीच शनिवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे थाना कादर चौक पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि सरकी जंगल में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त आराम सिंह के रूप में की। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया।
बताया जा रहा है कि मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था और खेती व मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
थाना कादर चौक पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शव के पास से मिले आधार कार्ड से युवक की शिनाख्त हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Location : Budaun
Published : 5 September 2026, 3:44 PM IST
Topics : Budaun News Kadar Chowk Postmortem UP News