बदायूं में दर्दनाक हादसा: ससुराल जा रहे बाइक सवार की मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान

बदायूं के सहसवान थाना क्षेत्र में ससुराल जा रहे दीपक की सड़क हादसे में मौत हो गई। शिकारपुर से इब्राहिमपुरगढ़ी मार्ग पर युवक का शव बाइक के पास मिला। शुरुआती जांच में अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका जताई गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 October 2026, 3:55 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं में ससुराल जा रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक बाइक से अपने घर से निकला था, लेकिन रास्ते में एक अज्ञात वाहन की टक्कर ने उसकी जान ले ली। सहसवान थाना क्षेत्र में शिकारपुर से इब्राहिमपुरगढ़ी मार्ग पर हुए इस हादसे की जानकारी पुलिस को गश्त के दौरान मिली। मौके पर बाइक और युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।  मृतक की शिनाख्त कर ली गई है। अब पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।

सड़क पर पड़ा मिला युवक का शव

पुलिस के मुताबिक, सहसवान थाना क्षेत्र में तैनात पीआरवी 7854 शिकारपुर से इब्राहिमपुरगढ़ी स्थित अपने निर्धारित पॉइंट की ओर जा रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को सड़क पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। पास ही एक मोटरसाइकिल भी पड़ी थी।

पीआरवी कर्मियों ने बिना देर किए घटना की जानकारी थाना प्रभारी को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी थी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

ये भी पढे़ं- Budaun Diesel Theft Case: गंगा एक्सप्रेसवे के पास ट्रकों से डीजल चोरी, 13 मुकदमों वाला आरोपी समेत 3 गिरफ्तार

हाथ पर बने निशान से हुई पहचान

घटनास्थल पर मिली मोटरसाइकिल काले रंग की नई होंडा स्प्लेंडर प्लस बताई गई है। उसकी नंबर प्लेट पर कोई नंबर दर्ज नहीं था, जिससे शुरुआती जांच में पहचान करने में मुश्किल हुई। मृतक के दाहिने हाथ पर ‘राजमाला’ गुदा हुआ था। पुलिस ने इसी निशान समेत अन्य जानकारी के आधार पर युवक की पहचान करने की कोशिश की। बाद में मृतक की पहचान दीपक (30), पुत्र कालीचरण, निवासी ग्राम खेड़ा फतेहपुर, थाना जुनावई, जिला संभल के रूप में हुई।

ससुराल जाते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, दीपक अपने गांव से बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के राजथल गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। रास्ते में शिकारपुर से इब्राहिमपुरगढ़ी मार्ग पर यह हादसा हो गया। घर से ससुराल के लिए निकले युवक की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हालांकि, हादसा किस वाहन से हुआ और टक्कर के बाद चालक कहां गया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

ये भी पढे़ं- रामपुर पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव, आजम खान से की मुलाकात

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन की पहचान करने और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि टक्कर मारने वाला वाहन कौन-सा था और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। 

Location :  Budaun

Published :  22 October 2026, 3:55 PM IST