
बदायूं में नशे में खूनी खेल (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं में शराब के नशे में हुई मामूली कहासुनी ने बुधवार रात एक पूरे परिवार की जिंदगी तबाह कर दी। कादरचौक थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव में नशे में धुत मामा ने पहले भांजे को पेट में गोली मारी और फिर बीच-बचाव करने आई अपनी बहन पर भी फायर झोंक दिया। गोली लगने से भांजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद आरोपी मामा मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक भगतपुर निवासी संतोषी की शादी करीब 25 साल पहले कासगंज में हुई थी। पति से अलगाव के बाद वह अपने दो बेटों के साथ मायके लौट आई थीं। मायके में ही भाई वीर सिंह की मदद से उन्होंने कुछ जमीन खरीदी थी। उसी जमीन पर बड़ा बेटा 28 वर्षीय आकाश खेती करता था। भाई के घर से कुछ दूरी पर ही संतोषी ने अपना मकान भी बनवा लिया था।
बुधवार रात करीब 10 बजे वीर सिंह शराब के नशे में घर आया। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका भांजे आकाश से विवाद शुरू हो गया। घर में मौजूद अन्य लोग समझ रहे थे कि दोनों थोड़ी देर में शांत हो जाएंगे, इसलिए किसी ने बीच-बचाव नहीं किया।
लेकिन नशे में बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई। आकाश लाठी लेने अंदर गया तो वीर सिंह ने भी दौड़कर कमरे में रखा तमंचा उठा लिया। जैसे ही आकाश लाठी लेकर बाहर आया, वीर सिंह ने उस पर सीधे फायर कर दिया। गोली आकाश के पेट में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
गोली की आवाज सुनकर मां संतोषी दौड़कर मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बेटे को गोद में उठाकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान वीर सिंह ने दूसरी बार भी तमंचा तान दिया और अपनी बहन पर गोली चला दी। पेट में गोली लगने से संतोषी भी जमीन पर गिर गईं।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वीर सिंह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कादरचौक पुलिस और एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जबकि घायल संतोषी को पहले जिला अस्पताल और फिर गंभीर हालत के चलते बरेली मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
"प्रथम दृष्टया यह नशे में हुआ विवाद है। मामा-भांजे के बीच कहासुनी के बाद आरोपी ने तमंचे से फायरिंग की। इसमें भांजे आकाश की मृत्यु हो गई है और बहन संतोषी घायल हैं। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। कादरचौक थाने की पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।"
इस घटना के बाद भगतपुर गांव में सन्नाटा पसरा है। संतोषी के घर पर रिश्तेदारों का तांता लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि वीर सिंह शराब पीने का आदी था और अक्सर घर में झगड़ा करता था। जमीन को लेकर भी पहले छोटे-मोटे विवाद होते रहते थे।
फिलहाल पुलिस ने तमंचा बरामद करने और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश तेज कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
Location : Budaun
Published : 16 July 2026, 10:59 AM IST