
शादी के बाद पति से मारपीट का आरोप (Img: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में शादी के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला सामने आया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दास कॉलेज के सामने एक पेट्रोल पंप पर महिला द्वारा अपने पति और उसके परिवार के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि महिला अपने साथ आए कुछ युवकों के साथ वहां पहुंची थी और मारपीट के दौरान पति का दवा कंपनी का बैग, लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद समेत कुछ चेक अपने साथ ले गई।
बताया गया कि अभिषेक साहू उर्फ चेतन, निवासी होली चौक ब्रह्मपुर, थाना सदर कोतवाली, और आरती माथुर, निवासी कल्याण, मुंबई, करीब दो वर्ष पहले रिलेशनशिप में आए थे। दोनों ने 12 जुलाई 2026 को बदायूं स्थित पीडब्ल्यूडी परिसर के मंदिर में परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी।
शादी के बाद अभिषेक अपनी पत्नी के साथ बदायूं मुख्यालय में किराए के मकान में रहने लगा। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि यहां भी दोनों के बीच आए दिन विवाद और हंगामा होता था। परिवार के लोगों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। विवाद बढ़ने के बाद मकान मालिक ने पिछले सप्ताह मकान खाली करा दिया था।
बताया गया कि पत्नी की ओर से महिला थाने में पति के खिलाफ प्रार्थना पत्र भी दिया गया था। मामले के दौरान पति ने पत्नी को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ने की बात सामने आई है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, अभिषेक एक दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में काम करता है। गुरुवार को ड्यूटी पूरी करने के बाद वह घर लौट रहा था। इसी दौरान सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नवादा स्थित दास कॉलेज के सामने पेट्रोल पंप पर वह पेट्रोल भराने के लिए रुका।
आरोप है कि इसी दौरान आरती माथुर अपने साथ चार-पांच युवकों को लेकर वहां पहुंची। बताया गया कि सभी लोग ई-रिक्शा से आए थे और अभिषेक का इंतजार कर रहे थे।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि महिला और उसके साथ आए लोगों ने अभिषेक और उसके परिवार के सदस्यों के साथ सड़क पर मारपीट की। इसी दौरान दवा कंपनी का बैग, उसमें रखा लैपटॉप, 50 हजार रुपये नकद और कंपनी के कुछ चेक ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट और हंगामे के बावजूद पुलिस मौके पर समय से नहीं पहुंच सकी।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि विवाद के कारण वे परेशान हैं और उन्हें सुरक्षा तथा न्याय की जरूरत है। मामले में पुलिस की ओर से जांच और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी है।
Location : Budaun
Published : 8 October 2026, 8:50 PM IST
Topics : assault case Budaun News husband wife dispute Laptop Cash Theft Allegation Wife Husband Dispute