भक्ति के सफर पर मंडराया ‘काल’: तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आया शिवभक्त, हालत गंभीर

बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र में कावड़ यात्रा के दौरान तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक कावड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 August 2026, 8:08 PM IST

Budaun: बदायूं में कावड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। अलापुर थाना क्षेत्र के संजरपुर गांव के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार बाइक ने जल लेकर जा रहे एक कावड़िया को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कावड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक सवार मौके पर अपनी बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

संजरपुर के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार घायल कावड़िया की पहचान अमीर सिंह, 32 वर्ष पुत्र जवाहर सिंह के रूप में हुई है। वह थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के मानपुर कुलचौरा गांव के निवासी हैं। अमीर सिंह अपनी टोली के साथ कछला गंगा घाट से पवित्र जल लेकर पटना देवकली स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे थे।

Budaun News: हाईटेंशन टावर पर लटका मिला युवक का शव, बिजली लाइन कटवाकर उतारा; जांच में जुटी पुलिस

कैसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों और साथी कावड़ियों ने बताया कि देर रात करीब 11 बजे के आसपास सभी कावड़िए डीजे की धुन पर भजन गाते हुए संजरपुर गांव के पास से गुजर रहे थे। तभी बदायूं की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सीधे अमीर सिंह को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार घबरा गया और बाइक सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

Budaun: मौत के बाद मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप, जानिए क्यों प्रताड़ित की जा रही थी विवाहिता?

घटना की सूचना मिलते ही अलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल घायल अमीर सिंह को एंबुलेंस की मदद से बदायूं जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस कर रही जांच

अलापुर थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से बरामद बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। बाइक के नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर चोट पहुंचाने की धाराओं में कार्यवाही की जा रही है।

घटना के बाद साथी कावड़ियों में आक्रोश है। उन्होंने मांग की है कि कावड़ यात्रा मार्ग पर रात्रि में तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाई जाए और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।

उल्लेखनीय है कि सावन माह में कछला से जल लेकर हजारों कावड़िए बदायूं और आसपास के शिव मंदिरों की ओर जाते हैं। प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर जगह-जगह बैरिकेडिंग और स्वास्थ्य शिविर भी लगाए हैं, इसके बावजूद तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे लगातार हो रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है और फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है।

Location :  Budaun

Published :  9 August 2026, 8:08 PM IST