
पांच साल से कथित प्रेम संबंध का आरोप (Source: Pinterest )
Barwani: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र में कथित प्रेम संबंध को लेकर एक महिला और उसके कथित प्रेमी के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला और युवक को पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर घर के बाहर खंभे से बांध दिया गया। दोनों को कथित तौर पर पूरी रात इसी हालत में रखा गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, करीब 35 वर्षीय महिला की शादी लगभग 15 साल पहले हुई थी। महिला के दो बच्चे हैं। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति शराब पीने के बाद उसके साथ मारपीट करता था। महिला के अनुसार, इसी दौरान करीब पांच वर्ष पहले उसके पति के एक रिश्तेदार, जो ड्राइवर है, से उसका कथित प्रेम संबंध बन गया था।
बताया गया कि करीब दो महीने पहले महिला अपने बच्चों को पति के पास छोड़कर मायके चली गई थी। बाद में उसका पति उसे समझाकर वापस घर ले आया। रविवार शाम महिला कथित रूप से अपने साथी के साथ थी। इसी दौरान पति और उसके परिजनों को इसकी जानकारी मिल गई। आरोप है कि इसके बाद महिला और युवक को पकड़ लिया गया।
24 घंटे… 6 शातिर महिलाएं और चोरी की चेन, जानिए फरेंदा पुलिस के उस सीक्रेट ऑपरेशन की पूरी कहानी
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पति, देवर और अन्य परिजनों ने दोनों के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्हें घर के बाहर एक खंभे से बांध दिया गया। आरोप है कि दोनों पूरी रात खंभे से बंधे रहे। अगले दिन सुबह उन्हें कथित तौर पर उसी हालत में गांव में घुमाया गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी गांव के सरपंच ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कई थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला तथा युवक को मुक्त कराया। इस दौरान महिला के मायके और ससुराल पक्ष के बीच भी तनाव की स्थिति बनी, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया।
E-20 Petrol के खिलाफ सड़क पर उतरे Arvind Kejriwal, 2.33 लाख दस्तखत वाली याचिका तैयार
डीएसपी महेश सुनैया के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति, देवर और भांजे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। महिला ने पुलिस को बताया है कि वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती। फिलहाल उसे वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खबर में लगाए गए आरोप महिला की शिकायत और पुलिस के प्रारंभिक बयान पर आधारित हैं। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद होगी।
Location : Barwani
Published : 4 August 2026, 12:48 PM IST
Topics : Barwani News MP Crime News Viral video