Bareilly Encounter: हत्या के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली, तमंचा और चाकू बरामद

बरेली में सुभाषनगर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय बाबू उर्फ रोहित के पैर में जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 1 September 2026, 12:04 PM IST

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में सुभाषनगर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय बाबू उर्फ रोहित के पैर में जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया।

सचिन कश्यप हत्याकांड में वांछित था आरोपी

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को वंशीनगला निवासी गुड़िया देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बाबू उर्फ रोहित समेत कुछ लोगों ने उनके पति सचिन कश्यप के साथ मारपीट की थी।

आरोप है कि मारपीट के दौरान बाबू उर्फ रोहित ने चाकू से सचिन के सीने पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

एक आरोपी पहले ही भेजा जा चुका है जेल

इस मामले में पुलिस ने आरोपी आशीष मौर्य को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। वहीं मुख्य आरोपी बाबू उर्फ रोहित की तलाश लगातार जारी थी।

पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी।

सराय तलफी रोड पर हुई पुलिस मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात सूचना मिली कि बाबू उर्फ रोहित श्मशान घाट मंदिर से सराय तलफी की ओर जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सराय तलफी रोड पर घेराबंदी कर दी। पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर आरोपी भागने लगा और रोकने की कोशिश करने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी का अस्पताल में चल रहा इलाज

घायल आरोपी को पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां पुलिस हिरासत में उसका इलाज कराया जा रहा है।

पुलिस ने मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी के मामले में अलग से कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी और बरामद सामान

आरोपी:
बाबू उर्फ रोहित, उम्र 22 वर्ष
निवासी- वंशीनगला, थाना सुभाषनगर, बरेली

बरामदगी:

  • 315 बोर का तमंचा
  • एक खोखा कारतूस
  • एक जिंदा कारतूस
  • हत्या में इस्तेमाल चाकू

Location :  Bareilly

Published :  1 September 2026, 12:04 PM IST