Barabanki News: सुबह दी थी जान से मारने की धमकी… शाम को खेत में मिली बुजुर्ग की लाश, आखिर किसने खेला खूनी खेल?

बाराबंकी के हैदरगढ़ क्षेत्र में 65 वर्षीय नारायण दुबे की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। उनका शव गांव के बाहर मिला। परिजनों ने सुबह हुए जमीन विवाद के बाद गांव के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 July 2026, 1:22 PM IST

Barabanki: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। हैदरगढ़ क्षेत्र के बेहटा गांव में 65 वर्षीय बुजुर्ग नारायण दुबे की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। उनका शव गांव की आबादी से करीब एक किलोमीटर दूर कच्चे रास्ते के किनारे मिला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मवेशी चराने निकले थे, शाम को मिला शव

पुलिस के अनुसार, नारायण दुबे रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मवेशी चराने के लिए घर से निकले थे। देर शाम ग्रामीणों ने गांव के बाहर उनका शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल के पास एक कुल्हाड़ी भी बरामद हुई है। मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है।

सुबह जमीन को लेकर हुआ था विवाद

मृतक की बहू नीलू दुबे ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे खेत की जमीन के विवाद को लेकर गांव के ही अमन दुबे से नारायण दुबे की कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान अमन ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी। परिजनों का दावा है कि इसी विवाद के चलते शाम को नारायण दुबे की हत्या की गई।

परिवार ने करीबी रिश्तेदार पर जताया शक

नारायण दुबे के पुत्र का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका है। वह अपनी बहू और पौत्र के साथ रहते थे। परिवार ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का संदेह जताते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है।

Anti-Paper Leak Bill पेश होते ही गरमाई संसद, NEET पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन

फोरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य

सीओ समीर कुमार और हैदरगढ़ एसएचओ अनिल कुमार पांडेय ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Barabanki

Published :  27 July 2026, 1:20 PM IST