बलरामपुर में स्कूल वाहन चलाने वालों में खौफ, जानिए क्यों अचानक 3 गाड़ियां सीज और 57 का हो गया चालान

बलरामपुर में मिशन सेफ फ्यूचर के तहत परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों की जांच कर 3 वाहन सीज किए और 57 वाहनों का चालान किया। अभियान में 2.07 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 July 2026, 7:25 PM IST

Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद में स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन और सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए परिवहन विभाग ने शुक्रवार को एक बड़ा अभियान चलाया। मिशन सेफ फ्यूचर के बैनर तले सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बृजेश के नेतृत्व में बलरामपुर और तुलसीपुर के विभिन्न इलाकों में स्कूली वाहनों की औचक चेकिंग की गई। इस सघन चेकिंग अभियान से नियम विरुद्ध वाहन चलाने वाले चालकों और स्कूल प्रबंधनों में हड़कंप मच गया।

स्कूली वाहन सीज, बस का चालान

​अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहनों पर सख्त रुख अपनाया। चेकिंग में एक प्राइवेट वैन को अवैध रूप से स्कूली बच्चों को ले जाते हुए पकड़ा गया, जिसे टीम ने मौके पर ही सीज कर दिया। इसके अलावा बिना किसी वैध परमिट के सड़कों पर दौड़ रही दो स्कूल बसों को भी जब्त कर सीज करने की कार्रवाई की गई। वहीं एक अन्य बस ऐसी भी मिली जिसका परमिट खत्म हो चुका था, जिस पर तत्काल चालान की कार्रवाई की गई।

Balrampur News: ढाई साल बाद खुला खौफनाक राज, हत्या के बाद नदी में फेंका शव, फिर सोशल मीडिया पर देने लगा चकमा

57 वाहनों पर कार्रवाई

​इस विशेष चेकिंग अभियान का दायरा केवल स्कूली वाहनों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि आम सड़कों पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर भी शिकंजा कसा गया। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और मोटर वाहन अधिनियम की अन्य धाराओं का उल्लंघन करने वाले कुल 57 वाहनों का चालान काटा गया। दिनभर चली इस पूरी कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग ने कुल 2,07,000 रुपये का जुर्माना वसूला।

Balrampur: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना पड़ा भारी, जानिए कैसे निकली हैकड़ी?

बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं

​कार्रवाई के बाद परिवहन विभाग ने आम जनता, वाहन स्वामियों और स्कूल प्रबंधनों को सख्त चेतावनी जारी की है। विभाग ने साफ किया है कि बच्चों की सुरक्षा के मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी लोग अपने वाहनों के वैध दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आने वाले दिनों में भी इसी तरह का सख्त चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

Location :  Balrampur

Published :  10 July 2026, 7:25 PM IST