
प्रतीकात्मक छवि (Img: Pinterest)
Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र में अमरेश बहादुर सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी गिरीशचन्द्र सिंह पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोथ सोनाडीह गांव में 10 सितंबर को हुई हत्या के बाद से आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक दोथ सोनाडीह निवासी अमरेश बहादुर सिंह पुत्र स्वर्गीय जितेन्द्र सिंह की हत्या के संबंध में उभांव थाने में मुकदमा अपराध संख्या 206/2026 दर्ज किया गया है। मामले में BNS की धारा 103(1), 109(1), 191(2), 191(3), 115(2), 352, 351(3) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार दोथ सोनाडीह निवासी गिरीशचन्द्र सिंह पुत्र श्रीकान्त सिंह 11 सितंबर से वांछित है। उसकी गिरफ्तारी के लिए उसके घर सहित कई संभावित ठिकानों पर पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अभी तक न्यायालय में आत्मसमर्पण भी नहीं किया है।
लगातार प्रयासों के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने आरोपी की तस्वीर भी सार्वजनिक की है, जिससे उसकी पहचान करने में आम लोगों की मदद ली जा सके।
बलिया में शाम होते ही खूनी खेल, युवक की बेरहमी से हत्या; हमलावर फरार
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गिरीशचन्द्र सिंह के बारे में कोई विश्वसनीय जानकारी या सुराग मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सटीक सूचना देने वाले को नियमानुसार 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
Location : Ballia
Published : 16 September 2026, 8:12 PM IST