Bahraich: रात में चारपाई से खींचकर युवक को उठा ले गया खूंखार जानवर, सुबह दिखा खौफनाक मंजर

बहराइच के महबूबनगर गांव में मंगलवार तड़के बाघ ने घर के बरामदे में सो रहे 32 वर्षीय किसान राम सिंह को चारपाई से खींच लिया। सुबह उनका अधखाया शव गन्ने के खेत में मिला। वन विभाग ने पंजों के निशान मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और बाघ पकड़ने की तैयारी की जा रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 1 September 2026, 12:27 PM IST
google-preferred

Bahraich: बहराइच में मंगलवार तड़के एक खौफनाक घटना सामने आई। ककरहा वन रेंज के महबूबनगर गांव में घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे 32 वर्षीय किसान को बाघ खींचकर ले गया। सुबह करीब 700 मीटर दूर गन्ने के खेत में किसान का अधखाया शव मिला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

चारपाई से युवक को खींच ले गया बाघ

जानकारी के अनुसार, महबूबनगर गांव निवासी राम सिंह खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे वह घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान जंगल की ओर से आया बाघ आबादी क्षेत्र में पहुंच गया और राम सिंह पर हमला कर दिया।

बाघ राम सिंह को जबड़े में दबाकर चारपाई से बाहर खींच ले गया। अचानक हुई हलचल और चीख-पुकार सुनकर परिजनों की नींद खुल गई। जब वे बाहर पहुंचे तो राम सिंह चारपाई से गायब थे। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।

सुबह गन्ने के खेत में मिला अधखाया शव

बाघ के हमले की जानकारी मिलते ही ग्रामीण लाठी-डंडे और टॉर्च लेकर आसपास के खेतों में पहुंच गए। रात में अंधेरा होने के कारण काफी तलाश के बावजूद राम सिंह का पता नहीं चल सका। सुबह रोशनी होने पर घर से करीब 700 मीटर दूर गन्ने के खेत में उनका शव पड़ा मिला।

शव की हालत देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि बाघ ने राम सिंह के दोनों पैरों और पेट के हिस्से को खा लिया था। चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर पंजों के निशान भी मिले हैं।

वन विभाग ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने घटनास्थल के अलावा राम सिंह के घर और आसपास के इलाके में भी सर्च अभियान चलाया। घर के आंगन और बाहर बाघ के पंजों के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में हमला बाघ का प्रतीत हो रहा है।

‘माताओं-बहनों का मान, स्वाभिमान से भरा सफर’: अब जेब से नहीं लगेगा एक रुपया, जानिए UP में किसे मिलेगी फ्री बस यात्रा की सौगात?

जंगल के करीब है महबूबनगर गांव

वन विभाग के मुताबिक, महबूबनगर गांव ककरहा वन रेंज के हसुलिया जंगल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर है। जंगल नजदीक होने के कारण बाघ के आबादी वाले इलाके में आने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव और आसपास के जंगल क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी भी की जा रही है।

परिवार में पसरा मातम

राम सिंह मालती प्रसाद के दो बेटों में छोटे थे। खेती के सहारे वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों को अब बाघ के दोबारा आबादी क्षेत्र में आने का डर सता रहा है।

Location :  Bahraich

Published :  1 September 2026, 12:26 PM IST

Advertisement