बहन के यहां भंडारे में आया था सूरजपाल! कलश विसर्जन के दौरान गंगा में डूबा 19 वर्षीय किशोर, बदायूं में दिल दहला देने वाला हादसा

भागवत कथा के समापन के बाद कलश विसर्जन करने गंगा घाट पहुंचा 19 वर्षीय सूरजपाल नहाते समय गहरे पानी में चला गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 21 October 2026, 8:46 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में भागवत कथा के समापन के बाद कलश विसर्जन करने गए 19 वर्षीय किशोर की गंगा में डूबने से मौत हो गई। हादसा उसहैत थाना क्षेत्र के कमलू नगला गंगा घाट पर हुआ। किशोर अपनी बहन के यहां आयोजित भंडारे में शामिल होने आया था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बहन के यहां भंडारे में शामिल होने आया था सूरजपाल

मृतक की पहचान सूरजपाल (19) पुत्र चेतराम के रूप में हुई है। वह बदायूं जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के फरीदपुर चकोलर गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि सूरजपाल अपनी बहन के यहां उसहैत थाना क्षेत्र के घसनगला गांव में भागवत कथा के समापन पर आयोजित भंडारे में शामिल होने आया था।

बदायूं में दिनदहाड़े गुंडागर्दी, बाइक सवार 3 युवकों ने फल विक्रेता को बेरहमी से पीटा

कलश विसर्जन के दौरान गहरे पानी में गया किशोर

भागवत कथा समाप्त होने के बाद गांव के लोग कलश विसर्जन के लिए कमलू नगला के पास गंगा घाट पहुंचे थे। इसी दौरान सूरजपाल गंगा में नहाने लगा। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे समय रहते बाहर नहीं निकाला जा सका।

रेस्क्यू कर गंगा से निकाला गया शव

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर सूरजपाल को गंगा से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बदायूं में भाजपा को बड़ा झटका, पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने पार्टी से दिया इस्तीफा

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर उसहैत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। इस हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आए सूरजपाल की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Location :  Badaun

Published :  21 October 2026, 8:46 PM IST