गैंगस्टर पर अपहरण का आरोप, बदायूं में बेटी की बरामदगी के लिए SSP दफ्तर के चक्कर काट रहा बेबस पिता

बदायूं के थाना हजरतपुर के ग्राम चंगासी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई लड़की नेत्रवती का मामला तूल पकड़ रहा है। पीड़ित पिता ने गांव के ही गैंगस्टर प्रवृत्ति के युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने और लाखों के जेवर-नकदी चोरी का आरोप लगाया है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 June 2026, 6:03 PM IST

Budaun : बदायूं के थाना हजरतपुर क्षेत्र के ग्राम चंगासी से एक लड़की के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने गांव के ही एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने और घर से लाखों के जेवर व नकदी ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि अब तक न लड़की बरामद हुई है और न आरोपियों पर कार्रवाई हुई।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चंगासी निवासी एक व्यक्ति ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बदायूं को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 30 मई की रात करीब 11:30 बजे उसकी पुत्री नेत्रवती घर से अचानक गायब हो गई। सुबह जब परिवार की आंख खुली तो नेत्रवती घर में नहीं मिली। 

परिजनों का दावा है कि तलाश करने पर पता चला कि नेत्रवती अपने साथ घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी भी ले गई है। ले जाए गए सामान में 2 जोड़ी सोने के कुण्डल करीब डेढ़ तोला, एक सोने का मांग टीका करीब डेढ़ ग्राम, 2 सोने की वेसर करीब दो ग्राम, एक सोने की जंजीर करीब 1 तोला, 1 चांदी की हंसली करीब 300 ग्राम और 15,000 रुपये नकद शामिल हैं।

Budaun Road Accident: रात का सफर बना आखिरी सफर, गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुआ दिल दहला देने वाला हादसा

युवक पर लगाया अपहरण का आरोप

पीड़ित पिता के अनुसार, गांव का ही धीरेन्द्र यादव पुत्र रामवरन यादव उनकी बेटी से मोबाइल पर और मिलकर बात करता था। उन्हें पूरा शक है कि धीरेन्द्र ही उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने परिजनों की मदद से कहीं ले गया है।

पिता ने बताया कि घटना के अगले दिन ही वह अपनी पत्नी राजवाला, भाई पोशाकी लाल और पुत्र जितेन्द्र व अजीत के साथ धीरेन्द्र के घर गए। वहां धीरेन्द्र के पिता रामवरन, मां, भाई अशोक कुमार, नन्दलाल, औतारी और नारायण मिले। आरोप है कि लड़की के बारे में पूछने पर सभी ने धमकी दी कि "तेरी लड़की को धीरेन्द्र ही ले गया है, तुझे जो करना है कर ले। दोबारा यहां दिखा तो जान से मार देंगे।"

पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

पीड़ित का कहना है कि वह शिकायत लेकर थाना हजरतपुर गया था। पुलिस ने अपराध सं0-82/2026 धारा-87 बीएनएस के तहत मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद न तो आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई हुई और न ही लड़की की बरामदगी के प्रयास किए गए। 

पिता ने यह भी आरोप लगाया कि धीरेन्द्र यादव आपराधिक प्रवृत्ति का है और उस पर पहले से गैंगस्टर समेत कई मुकदमे चल रहे हैं। उन्हें आशंका है कि आरोपी उनकी बेटी के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं।

Budaun Daroga Suicide: बदायूं कोर्ट की सुरक्षा में तैनात दरोगा ने क्यों लगाया मौत को गले? परिजनों के एक फोन से खुला खौफनाक राज!

एसपी से लगाई गुहार

थाना स्तर से न्याय न मिलने पर पीड़ित परिवार ने अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं से गुहार लगाई है। प्रार्थना पत्र में निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और बेटी को जेवर व नकदी सहित सकुशल बरामद कराने की मांग की गई है।

पुलिस का पक्ष

इस संबंध में थाना हजरतपुर पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। लड़की की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। 

Location :  Budaun

Published :  13 June 2026, 6:03 PM IST