
प्रेम प्रसंग के चलते छोड़ा था घर (Img: Pinterest)
Azamgarh: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां वन स्टॉप सेंटर में रह रही एक युवती ने बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सेंटर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। बरामद होने के बाद जब उसके परिजनों ने उसे अपने साथ रखने से इंकार कर दिया, तो वह गहरे मानसिक तनाव में चली गई।
पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ के एक थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले दोनों बिना किसी को बताए घर छोड़कर चले गए थे। युवती के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की और उन्हें बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद पुलिस दोनों को थाने लाई, जहां उनकी काउंसिलिंग कराई गई। इसके बाद पुलिस ने युवती के परिजनों से उसे अपने साथ ले जाने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने साफ तौर पर इंकार कर दिया। नियमानुसार युवती और युवक को अस्थायी रूप से वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया, ताकि उनकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित की जा सके।
बताया जा रहा है कि परिवार के इस फैसले से युवती बेहद आहत थी। सोमवार रात वह वन स्टॉप सेंटर के बाथरूम में गई और फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर कर्मचारियों को संदेह हुआ। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो युवती फंदे से लटकी मिली। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद में बड़ा खुलासा! कोषाध्यक्ष के बयान से उठे नए सवाल, आखिर जिम्मेदार कौन?
सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
Location : Azamgarh
Published : 7 July 2026, 12:20 PM IST
Topics : azamgarh news Girl Suicide One Stop Center UP News