
NH-27 पर DCM ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर (Source X)
Ayodhya: अयोध्या जिले के रुदौली कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह NH-27 पर तेज रफ्तार DCM की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। मखवापुर के पास हुए इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 28 महिला, पुरुष और बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक समेत कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को पुलिस और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी निवासी अनुराग वर्मा के परिवार ने नया ट्रैक्टर खरीदा था। इसके बाद परिवार के लोग रिश्तेदारों के साथ अयोध्या दर्शन के लिए रवाना हुए। ट्रैक्टर के साथ लगी ट्रॉली में कुल 28 लोग सवार थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे उनका काफिला मखवापुर के पास NH-27 पर पहुंचा।
इसी दौरान पीछे से आ रही DCM ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई टक्कर से ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। हादसा होते ही ट्रॉली में बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
Ram Mandir Ayodhya: कौन बनेगा राम मंदिर का पहला CEO, कल खुलेगा बड़ा राज!; किसके सिर सजेगा ताज?
दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक विकास वर्मा (27), छोटे कश्यप (38), धनंजय वर्मा, आदित्य वर्मा (16), आदर्श, शुभम वर्मा, रेखा और दिनेश समेत कई लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को ट्रॉली से बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही PRV-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल DCM का नंबर UP 42 CT 7023 है। DCM अलीगढ़ से गत्ता लेकर गोरखपुर की ओर जा रही थी। चालक राकेश सिंह ने पुलिस को बताया कि आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक दाईं ओर मुड़ गई। उसने वाहन को रोकने के लिए ब्रेक लगाया, लेकिन कम समय में दूरी कम होने के कारण DCM ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को काफी नुकसान पहुंचा और ट्रॉली पलटकर सड़क पर आ गई। हादसे के बाद NH-27 पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन होने के कारण कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।
Ayodhya: राम मंदिर में 2 सितंबर को होगा बड़ा फैसला! ट्रस्ट के इस नए मॉडल से बदल जाएगी पूरी व्यवस्था?
पुलिस ने स्थिति संभालते हुए क्रेन और JCB की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। वाहनों के हटने के बाद NH-27 पर यातायात फिर से सामान्य हो सका। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से भी घटना की जानकारी ली।
भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह ने बताया कि दुर्घटना में कई लोग घायल हुए हैं और सभी को उपचार के लिए सीएचसी रुदौली भेजा गया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
Location : Ayodhya
Published : 2 September 2026, 10:23 AM IST